खनौरी बॉर्डर पर किसानों की मांगों को लेकर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन 76वें दिन में प्रवेश कर गया है। जगजीत डल्लेवाल चिकित्सा सहायता नहीं ले रहे हैं, क्योंकि डॉक्टरों को ड्रिप डालने के लिए उनकी नसें नहीं मिल पा रही है। उनके हाथों की अधिकांश नसें अवरुद्ध हो गई हैं। हालांकि, डॉक्टर उसके पैर की नसों में ड्रिप लगाने की कोशिश कर रहे हैं। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि 11 फरवरी को रत्नपुरा मोर्चे पर होने वाली महापंचायत की तैयारी के लिए किसानों से टिब्बी, सेलवाला, बेरवाला, चंद्रा, लिलियांवाली, तलवाड़ा, मसानी गांवों का दौरा कर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया। पवित्र जल यात्रा के चौथे चरण के तहत हरियाणा के किसान अपने खेतों के ट्यूबवेल से पानी लेकर 10 फरवरी को दातासिंहवाला-खनौरी किसान मोर्चा पहुंचेंगे।
डल्लेवाल की सेवा कर रहे वालंटियर का हुआ एक्सीडेंट
खनौरी किसान मोर्चा में पिछले लंबे समय से जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेवा में बतौर वालंटियर सेवाएं दे रहे फतेहगढ़ साहिब के किसान चरणजीत काला का एक्सीडेंट हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शनिवार दोपहर तक भी पीजीआई चंडीगढ़ में वेंटिलेटर नहीं मिल पाया, जिस पर दोनों मोर्चों के नेताओं ने नाराजगी जताई है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रिंसिपल सचिव ने ली डल्लेवाल की सेहत की जानकारी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रिंसिपल सचिव आईएएस केजीएस चीमा ने खनौरी बॉर्डर पर आकर जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेहत की जानकारी ली। डल्लेवाल से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं भी एक किसान का बेटा हूं और खेती के प्रति आपकी सेवा और दृढ़ संकल्प को सलाम करता हूं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से अनुरोध करते हुए कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल किसानों की मांगों को लेकर खनौरी बॉर्डर पर मरण व्रत पर बैठे हुए आज 77 दिन से हैं और इस दौरान उनकी तबीयत काफी खराब हो गई है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल न केवल पंजाब बल्कि पूरे भारत के किसानों के महान नायक हैं और उन्हें देखकर मुझे बहुत गर्व महसूस होता है। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि अभी जो बैठक हुई है, उसमें अच्छे और ठोस निर्णय लिए जाएं और उन्हें तीन महीने के भीतर लागू किया जाए। First Updated : Sunday, 09 February 2025