दोस्त को बचाने की कोशिश पड़ी भारी, कनाडा की नहर में डूबे पंजाब के दो युवक की मौत

दोस्त की जान बचाने के लिए बिना कुछ सोचे नहर में कूद पड़ा पंजाब का एक युवक, लेकिन अगले ही पल जो हुआ उसने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी. कनाडा से आई इस दर्दनाक खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं.

calender

चंडीगढ़: कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर से एक दुखद खबर सामने आई है. पंजाब के बरनाला जिले के रहने वाले 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह की लाशीन नहर में डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त की जान बचाने के लिए नहर में कूदे थे, लेकिन तेज बहाव की वजह से खुद भी बाहर नहीं निकल सके. इस हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई.

दोस्त को बचाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, लवप्रीत सिंह अपने दोस्त योगराज सिंह के साथ लाशीन नहर के किनारे मौजूद थे. इसी दौरान योगराज का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया. दोस्त को डूबता देख लवप्रीत बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े. हालांकि, नहर का तेज बहाव दोनों पर भारी पड़ गया और वे बाहर नहीं निकल सके.

कई घंटे बाद मिले दोनों के शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे. कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिवार ने बेटे के लिए देखे थे बड़े सपने

लवप्रीत सिंह बरनाला जिले के तपा कस्बे के घुन्नस रोड के रहने वाले थे. वह करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गए थे और मॉन्ट्रियल में ट्राला चालक के रूप में काम कर रहे थे. उनके पिता बलवीर सिंह, जो पूर्व सीआरपीएफ जवान हैं, ने बेटे को विदेश भेजने के लिए अपनी अधिकांश कृषि भूमि बेच दी थी. परिवार ने इस पर करीब 29 लाख रुपये खर्च किए थे.

पार्थिव शरीर भारत लाने की अपील

लवप्रीत के परिवार में माता-पिता और एक बहन हैं. बेटे की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों ने केंद्र और पंजाब सरकार के साथ-साथ कनाडा सरकार, प्रवासी भारतीयों और समाजसेवियों से अपील की है कि लवप्रीत का पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की जाए ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जा सके.

इस बीच स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है. हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे युवक की पहचान अमृतसर जिले के निवासी योगराज सिंह के रूप में हुई है. First Updated : Tuesday, 07 July 2026