दिल्ली में बारिश बनी उड़ानों की राह में रोड़ा, खराब मौसम के चलते 15 फ्लाइट्स डायवर्ट

रविवार को दिल्ली में हुई मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से बड़ी राहत दी है. हवाई अड्डे से मिली जानकारी के अनुसार, खराब दृश्यता और तेज हवाओं के कारण दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है.

calender

नई दिल्ली: रविवार को दिल्ली में हुई मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से बड़ी राहत दी है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और राजधानी के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही. यही वजह है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया. हालांकि, खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिले है, जिसके चलते कई उड़ानों का रूट बदल दिया गया है. 

15 उड़ानों हुई डायवर्ट

हवाई अड्डे से मिली जानकारी के अनुसार, खराब दृश्यता और तेज हवाओं के कारण दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है. इनमें 10 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं. इन उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर भेजा गया. मौसम में सुधार होने के बाद उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है. 

दिल्ली में कितना दर्ज किया गया तामपान 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दोपहर तक दिल्ली का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई. दिनभर कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रही. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हुई. इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया.

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से और राहत मिलने की संभावना है. रविवार को दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि पालम इलाके में हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई.

पंजाब और राजस्थान की ओर बढ़ रहा मानसून 

आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों की ओर तेजी से बढ़ रहा है और अगले चार दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. दिल्ली में मानसून पहुंचने के दो दिन बाद हुई इस बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया.

वहीं, राजस्थान में अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है. दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मंडी और सिरमौर तथा मंगलवार को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.  First Updated : Sunday, 05 July 2026

Topics :