अजमेर में महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी सिपाही निलंबित
अजमेर में एक महिला कांस्टेबल ने अपने सहकर्मी पुलिसकर्मी पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

अजमेर: राजस्थान के अजमेर से पुलिस विभाग को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. एक महिला कांस्टेबल ने अपने ही सहकर्मी पुलिस कांस्टेबल पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, प्रेमजाल में फंसाने और आर्थिक धोखाधड़ी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया.
अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कांस्टेबल मुकेश सारण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही महिला कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
डीएसपी को सौंपी गई जांच
इस मामले की जांच डीएसपी अजमेर नॉर्थ शिवम जोशी को सौंपी गई है. डीएसपी ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि महिला कांस्टेबल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर लिखित शिकायत दी है.
महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि आरोपी कांस्टेबल ने उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया.
प्रेमजाल में फंसाकर निवेश करवाने का आरोप
शिकायत में महिला कांस्टेबल ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे प्रेम संबंधों के जाल में फंसाया और बाद में उससे रुपये निवेश करवाए.
महिला कांस्टेबल के अनुसार, आरोपी ने निवेश के नाम पर उससे पैसे लेकर हड़प लिए.
आरोपी की बहन और जीजा पर भी आरोप
महिला कांस्टेबल ने शिकायत में आरोपी की बहन और जीजा पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है.
उसका कहना है कि दोनों ने आरोपी का साथ दिया और पूरे मामले में सहयोग किया.
गर्भपात कराने का भी आरोप
महिला कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि गर्भ ठहरने के बाद आरोपी ने उसका गर्भपात भी करवाया.पुलिस फिलहाल इन सभी आरोपों की जांच कर रही है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है.
मेडिकल जांच कराई गई
डीएसपी शिवम जोशी ने बताया कि महिला कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है.उन्होंने कहा कि मामला अभी जांच के स्तर पर है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दोनों पक्ष शादीशुदा
पुलिस के अनुसार, आरोपी कांस्टेबल और शिकायत करने वाली महिला कांस्टेबल दोनों ही शादीशुदा हैं.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है.


