स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कें डूबीं, फ्लाइट्स प्रभावित... मूसलाधार बारिश से मुंबई का हाल बेहाल

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया है, अब तक 7 लोगों की मौत और स्कूल-कॉलेज बंद हैं. मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Simran Sachdeva

Mumbai rain news: देश के कई हिस्सों में इन दिनों लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. खासकर आर्थिक राजधानी मुंबई में बेमौसमी बारिश ने शहर की रफ्तार को पूरी तरह रोक दिया है. सोमवार को भी मुंबई की सड़कों पर पानी भरा रहा और लोग अपने घरों में कैद हो गए. अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं स्कूल, कॉलेज और ऑफिस बंद पड़े हैं.

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सतर्क रहने के आदेश दिए हैं.

लगातार बारिश ने खोली बीएमसी की पोल

पिछले 8 घंटों में मुंबई में 177 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इतनी भारी बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया और लोग घरों में कैद हैं. लगातार हो रही बारिश ने बीएमसी के दावों की पोल फिर से खोलकर रख दी.

यातायात और एयर सर्विस पर भारी असर

बेहिसाब बारिश का असर यातायात और हवाई सेवा पर भी देखने को मिला. कम विजिबिलिटी के कारण कई उड़ानों को रद करना पड़ा, वहीं लोकल ट्रेन भी देरी से चल रही हैं. इंडिगो ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि मुंबई में भारी बारिश की वजह से एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले रास्तों पर पानी भर गया और ट्रैफिक धीमा हो गया. इसकी वजह से परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं और प्रस्थान तथा आगमन दोनों में देरी हो रही है. हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है.

मौसम विभाग का अलर्ट और प्रशासन की चेतावनी

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और ज्यादा बारिश होने की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार, मुंबई में 21 अगस्त तक इसी तरह की बारिश होने का अनुमान है. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सिर्फ जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और सतर्क रहें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag