उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, बांदा बना दुनिया का सबसे गर्म शहर; 48.2 डिग्री पहुंचा पारा

उत्तर प्रदेश का बांदा भीषण गर्मी की आग में झुलस रहा है. मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बांदा दुनिया का सबसे गर्म शहर बना, जहां पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तपती धूप और लू ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान लगातार सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले पांच से छह दिनों तक लोगों को इस तपिश से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है.

तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि उत्तर प्रदेश का बांदा जिला लगातार तीसरे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया. यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

बांदा में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश का बांदा जिला इस समय सबसे ज्यादा गर्मी झेल रहा है. मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह तीसरी बार है, जब बांदा में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंचा है. इससे पहले मई 2019 में यहां 48.1 डिग्री और वर्ष 2022 में 49 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था. लगातार बढ़ती गर्मी ने इलाके में हालात चिंताजनक बना दिए हैं.

नौगांव और रोहतक भी सबसे गर्म शहरों में शामिल

देश के सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्य प्रदेश का नौगांव दूसरे नंबर पर रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं हरियाणा का रोहतक 46.9 डिग्री तापमान के साथ तीसरे स्थान पर रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम से लेकर पूर्वी भारत तक अगले पांच से छह दिनों तक लू का असर जारी रहेगा. इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से बढ़ी तपिश

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने की वजह से उत्तर भारत में शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव काफी बढ़ गया है. यही कारण है कि कई राज्यों में लू की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है.

दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों के नाम

एक रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के हैं. यह पहली बार है, जब इस सूची में शामिल सभी शहर भारत से हैं. इस सूची में बांदा, नौगांव, रोहतक, आगरा, झांसी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी जैसे शहर शामिल हैं.

इन शहरों में दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान

मैदानी इलाकों के शहर

  • बांदा (उत्तर प्रदेश) : 48.20 डिग्री

  • नौगांव (मध्य प्रदेश) : 47.00 डिग्री

  • रोहतक (हरियाणा) : 46.90 डिग्री

  • अमरावती (महाराष्ट्र) : 46.80 डिग्री

  • दिल्ली रिज : 46.50 डिग्री

पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ा तापमान

भीषण गर्मी का असर पहाड़ी राज्यों में भी साफ दिखाई दे रहा है. कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है.

  • कठुआ : 44.6 डिग्री

  • जम्मू : 42.0 डिग्री

  • रूड़की : 41 डिग्री सेल्सियस

  • पंतनगर : 40.2 डिग्री सेल्सियस

  • ऊना : 43.4 डिग्री सेल्सियस

  • नेरी (हमीरपुर) : 41.2 डिग्री सेल्सियस

  • मंडी : 40 डिग्री सेल्सियस

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो