महुआ मोइत्रा को देख फ्लाइट में लोगों ने लगाए 'चोर-चोर' के नारे, देखें वीडियो
तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में अपने साथ दुर्व्यवहार और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया. इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी.

पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में अपने साथ दुर्व्यवहार और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर पूरी घटना की जानकारी दी.
कोलकाता से दिल्ली जा रहीं थीं महुआ
महुआ के अनुसार, वह कोलकाता से दिल्ली संसदीय स्थायी समिति की रक्षा मामलों की बैठक में शामिल होने जा रही थीं. इंडिगो फ्लाइट 6E 719 में वह सीट 1F पर बैठी थीं. इसी दौरान 4 से 6 लोग एक साथ विमान में चढ़े और उन्हें घूरते हुए पीछे की सीटों पर चले गए.
सांसद ने बताया कि जब फ्लाइट दिल्ली में उतरी और दरवाजे खुलने वाले थे, तभी इन लोगों ने उकसाने वाले नारे लगाने शुरू कर दिए. वीडियो में "जय श्री राम", "चोर-चोर TMC चोर", "दी चोर, भाई चोर" जैसे नारे सुनाई दे रहे हैं. हालांकि नारे लगाने वालों के चेहरे वीडियो में नहीं दिखे, लेकिन महुआ का कहना है कि यह पूरी तरह सुनियोजित तरीके से उन्हें परेशान करने के लिए किया गया.
ALERT! i travelled to Delhi today on official work to attend meeting of Parliamentary Standing Committee on Defence. Was on seat 1F on 6E 719. 4-6 men boarded in a group & leered at me & went to back of plane. When flight landed & before doors opened this is what they did &… pic.twitter.com/QE0SwrUY8I
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) May 7, 2026
महुआ मोइत्रा ने इसे आम यात्रियों का गुस्सा मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि यह उनका "उत्पीड़न" है और विमान के अंदर उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ है. उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस को 7 पन्नों की औपचारिक शिकायत भेजी है और दोषी यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
सांसद ने एयरलाइन से क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने और इन यात्रियों को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की भी अपील की. उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को पोस्ट में टैग कर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया.
महुआ ने क्या कहा?
महुआ ने कहा कि पहले उन्होंने इस घटना को अनदेखा कर दिया था और सीधे बैठक में चली गईं. लेकिन बाद में जब उन्हें पता चला कि कुछ लोग इस वीडियो को "संघी" ग्रुप में वायरल कर रहे हैं, तो उन्होंने मामला सार्वजनिक किया.
उन्होंने भाजपा की संस्कृति पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के व्यवहार में कोई नई बात नहीं है. इंडिगो ने उनसे औपचारिक शिकायत मांगी है, जिसे वह भेज रही हैं. इस पूरे मामले ने विमान में यात्रियों की सुरक्षा और राजनीतिक विरोध के तरीकों पर नई बहस छेड़ दी है.


