score Card

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि वे रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल पहुंची थीं.

Dimple Yadav
Edited By: Dimple Yadav

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की गुरुवार (20 फरवरी 2025) को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया. हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार उनकी सेहत अब ठीक है और कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है. डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है, और संभावना है कि उन्हें शुक्रवार (21 फरवरी 2025) को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. सोनिया गांधी दिसंबर 2024 में 78 साल की हो चुकी हैं.

डॉक्टर का कहना, चिंता की कोई बात नहीं

सर गंगाराम अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने कहा, "सोनिया गांधी को पेट की समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था. हालांकि, उनकी स्थिति में कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है और उम्मीद है कि उन्हें शुक्रवार सुबह तक अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी. वह डॉक्टर समीरन नंदी की देखरेख में हैं."

सोनिया गांधी को पहले भी हो चुकी है अस्पताल में भर्ती

सोनिया गांधी को सितंबर 2024 में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब उन्हें हल्का बुखार था. दिसंबर 2024 में कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में वह शामिल नहीं हो पाई थीं, क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. मार्च 2024 में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था और स्वास्थ्य ठीक बताया गया था.

सोनिया गांधी का हाल का सार्वजनिक कार्यक्रम

सोनिया गांधी को आखिरी बार 13 फरवरी 2025 को संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में देखा गया था, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय दी थी. 15 जनवरी 2025 को उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नए मुख्यालय इंदिरा भवन का उद्घाटन किया था, जो उनके अध्यक्ष पद के दौरान बनना शुरू हुआ था.

calender
20 February 2025, 11:01 PM IST

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag