स्वाति मालीवाल BJP में शामिल, PM मोदी की तारीफ कर केजरीवाल पर बोला जोरदार हमला

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्हें संसद में बोलने से रोका जा रहा है. मालीवाल ने पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की खुलकर तारीफ की और केजरीवाल को महिला विरोधी तथा भ्रष्टाचार का जीवंत प्रतीक करार दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए भाजपा में शामिल होने की पुष्टि कर दी है. AAP के साथ करीब दो दशक पुराना रिश्ता तोड़ते हुए मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्वास जताया और अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले किए. 

राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल के इस फैसले ने आम आदमी पार्टी में बगावत की आग को और भड़का दिया है. अब तक कई राज्यसभा सांसद AAP छोड़ चुके हैं.

स्वाति मालीवाल ने भाजपा जॉइन की

बीजेपी में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करने के कारण लिया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे भाजपा से जुड़ें.

स्वाति मालीवाल का तीखा हमला

स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, मैं 2006 से केजरीवाल के साथ थी, उनके हर आंदोलन में साथ दिया, लेकिन उन्होंने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया. जब मैंने आवाज उठाई तो मुझे डराया और धमकाया गया. मुझ पर FIR वापस लेने का दबाव बनाया गया.  मालीवाल ने केजरीवाल को महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि पिछले दो सालों में उन्हें संसद में एक बार भी बोलने का मौका नहीं दिया गया, जो बेहद शर्मनाक है.

PM मोदी और अमित शाह की तारीफ

स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. उन्होंने कहा, चाहे वह 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान हो, जब हमने दुश्मनों के घरों में घुसकर उन्हें मार गिराया और देश से नक्सलवाद खत्म किया, या संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करना हो, PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. मैंने BJP किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि इसलिए जॉइन की है क्योंकि मुझे PM मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है. मैं उन सभी लोगों से अपील करती हूं जो रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे BJP में शामिल हों.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो