दो हिस्सों में बंटा शहर... विवादों के बीच लॉन्च हुआ The Bengal Files का ट्रेलर, वीडियो देख लोग हुए भावुक

The Bengal Files 5 सितंबर को रिलीज हो जा रहा है. हालांकि, इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है. इस फिल्म के ट्रेलर में आपको हिंदू-मुस्लिम दंगे, दिल दहलाने वाला मंजर, हिंसा और बहुत कुछ देखने को मिलेगा. मेकर्स ने इस फिल्म का नाम पहले द दिल्ली फाइल्स रखा था, जिसे बाद में बदलकर बंगाल फाइल्स किया गया.

calender

The Bengal Files Trailer Launch : फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री, जो पहले 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी विवादास्पद लेकिन चर्चित फिल्म बना चुके हैं, अब एक और सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी लेकर आए हैं ‘द बंगाल फाइल्स’. पहले इस फिल्म का नाम 'द दिल्ली फाइल्स' रखा गया था, लेकिन कहानी की गहराई और विषय के आधार पर इसे बदलकर ‘बंगाल फाइल्स’ किया गया. आइए जानते है इस खबर को विस्तार से...

अगर तुम 2050 में पहले अल्पसंख्यक PM बनो...
आपको बता दें कि फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक मुस्लिम विधायक (MLA) के संवाद से होती है, जो अपने बेटे से कहता है, "2050 में अगर तुम अल्पसंख्यक समुदाय से भारत के पहले प्रधानमंत्री बनो, तो कैसा लगेगा?" यह संवाद फिल्म के गंभीर और राजनीतिक टोन को स्थापित करता है. इसके बाद ट्रेलर दर्शकों को इतिहास के उन पन्नों में ले जाता है, जहां बंगाल हिंसा और सांप्रदायिक विभाजन की आग में झुलस रहा था.

दो हिस्सों में बंटे शहर और दो संविधान
दरअसल, फिल्म की कहानी उस समय की है, जब बंगाल को दो हिस्सों में बांट दिया गया था. एक हिंदुओं के लिए और दूसरा मुसलमानों के लिए. बताया गया है कि उस दौर में बंगाल में दो संविधान जैसे हालात थे. यह कालखंड हमें महात्मा गांधी और मोहम्मद अली जिन्ना के बीच की बहस तक ले जाता है, जहां जिन्ना बंगाल का एक हिस्सा अपने लिए चाहते हैं.

ट्रेलर का हर दृश्य आपको बेचैन करेगा 
ट्रेलर में हिंसा, दंगे और नफरत का वीभत्स चित्रण है. "पाकिस्तान जिंदाबाद" के नारों के बीच निर्दोष लोगों की हत्याएं दिखाई गई हैं. जवाब में, हिंदू समुदाय भी प्रतिशोध में हिंसा करता है. ट्रेलर का हर दृश्य आपको बेचैन करता है, यह दिखाते हुए कि कैसे धार्मिक विभाजन ने एक पूरे राज्य को भीतर से तोड़ दिया.

अगर आजाद है, तो इतने बेबस क्यों 
कहानी वर्तमान समय में लौटती है, जहां दर्शन कुमार का किरदार सवाल करता है: "क्या हम आज़ाद हैं? अगर हैं, तो फिर इतने बेबस क्यों हैं?" यह सवाल हमारे आज के सामाजिक और राजनीतिक हालात पर सीधा प्रहार करता है. ट्रेलर के अंत में मां दुर्गा की अधूरी मूर्ति को जलते हुए दिखाया गया है, जो एक प्रतीकात्मक दृश्य है और फिल्म के संदेश को गहराई से दर्शाता है.

द बंगाल फाइल्स डराने वाला है... 
फिल्म के मेकर्स का कहना है कि अगर 'द कश्मीर फाइल्स' ने लोगों को रुलाया था, तो ‘द बंगाल फाइल्स’ उन्हें डराने वाला है. यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को रिलीज़ होने जा रही है और इसमें अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, सिमरत कौर और दर्शन कुमार जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आएंगे. First Updated : Saturday, 16 August 2025