बंगाल में 11 साल की बच्ची के रेप और मर्डर के बाद बवाल, भीड़ ने संदिग्ध को पीटकर मार डाला

पुलिस के मुताबिक बच्ची शनिवार दोपहर घर से अपनी सहेली के जन्मदिन के लिए तोहफा लेने निकली थी। देर तक वापस न आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।

calender

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में रविवार को एक 11 साल की बच्ची का शव तालाब में मिलने के बाद पूरा इलाका गुस्से में है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ रेप करके उसे मार डाला गया और शव पानी में फेंक दिया गया। घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दी और जमकर तोड़फोड़ की।  

कैसे गायब हुई थी बच्ची   

पुलिस के मुताबिक बच्ची शनिवार दोपहर घर से अपनी सहेली के जन्मदिन के लिए तोहफा लेने निकली थी। देर तक वापस न आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।  

रविवार सुबह उसका शव बारुईपुर के एक तालाब में मिला। पोस्टमार्टम के लिए शव को बारुईपुर सब-डिविजनल अस्पताल भेजा गया है। मौत की असली वजह और रेप की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।  

आक्रोशित भीड़ ने किया हंगामा, एक की पीट-पीटकर हत्या   

शव मिलने की खबर फैलते ही लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने बारुईपुर-जयनगर रोड जाम कर दिया, टायर जलाए और कई पुलिस गाड़ियों में तोड़फोड़ की। भीड़ ने रेप-मर्डर के शक में एक 26 साल के युवक को पकड़ लिया और उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।

परिवार का आरोप है कि इस वारदात में कुल 4 लोग शामिल थे। झड़प में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। प्रदर्शनकारी पुलिस पर ईंट, कांच की बोतलें और पत्थर फेंक रहे थे।  

IGP ने दिए जांच के आदेश, केंद्रीय बल तैनात   

स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती की है। बारुईपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। IGP प्रेसिडेंसी रेंज कंकरप्रसाद बारुई मौके पर पहुंचे।

उन्होंने कहा, "हमने घटना का संज्ञान लिया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी है, रिपोर्ट के बाद और जानकारी देंगे।" पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक SIT यानी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम भी बना दी है।  

CM ने फोन पर परिवार से की बात   

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बच्ची के पिता से फोन पर बात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है।

पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोग न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।   First Updated : Sunday, 05 July 2026