यूपी के कई जिलों में घर और पेड़ टूटे, 15 लोगों की हुई मौत, कई जिलों में में येलो अलर्ट
यूपी में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत और कई लोग घायल हो चुके हैं. मौसम विभाग ने 38 जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी का अलर्ट जारी किया है, जबकि 15 मई के बाद फिर भीषण गर्मी लौटने की संभावना है.

लखनऊ: यूपी में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी. प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं के चलते अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया.
कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और मकानों को नुकसान पहुंचा. मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है.
उन्नाव में भारी बारिश के साथ ओले गिरे
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई. दोपहर के समय प्रयागराज और उन्नाव में भारी बारिश के साथ ओले गिरे. वहीं जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा में आंधी की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर टीन शेड उड़ गए और साइन बोर्ड सड़क पर गिर पड़े. उन्नाव में सड़क किनारे खड़ी एक कार पर विशाल पेड़ गिर गया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ.
राज्य में सबसे ज्यादा मौतें बदायूं और फतेहपुर में दर्ज की गईं, जहां पांच-पांच लोगों की जान चली गई. वहीं भदोही में मकान पर नीम का पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हो गई. उन्नाव में भी आंधी-बारिश के कारण तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.
उन्नाव जिले में दर्दनाक हादसे
उन्नाव जिले में दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. दही थाना क्षेत्र के शिगुपुर गांव में 70 वर्षीय राम आश्रय आम के पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी तेज आंधी में पेड़ गिर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आसीवन थाना क्षेत्र के मकबूल खेड़ा गांव में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय मासूम अंश की जान चली गई. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है.
मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर और आसपास के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 38 जिलों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है. हालांकि 15 मई के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने की संभावना है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.


