बुलंदशहर में बर्थडे पार्टी बनी खूनी वारदात: केक लगाने पर विवाद, जिम में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या

बुलंदशहर के खुर्जा में बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ मामूली विवाद खौफनाक हत्याकांड में बदल गया. केक लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद जिम के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन युवकों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि तीन युवकों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवकों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक का जन्मदिन था और उसी दौरान हुए विवाद ने इस तिहरे हत्याकांड का रूप ले लिया.

बर्थडे पार्टी में शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर के खुर्जा इलाके में शनिवार-रविवार की रात जिम में बर्थडे पार्टी चल रही थी. इसी दौरान दोस्तों के बीच केक चेहरे पर लगाने को लेकर मामूली कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह बहस बढ़ती चली गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

जिम में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन की मौत

विवाद के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई. आरोप है कि जन्मदिन मना रहे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिम के अंदर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. इस फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है.

मृतकों की पहचान मनीष, आकाश और अमरदीप के रूप में हुई है. इस तिहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए.

दहशत में आए लोग, मौके पर पहुंची पुलिस

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया.

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत

घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी विवाद के चलते गुस्से में आकर आरोपियों ने फायरिंग की.

फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.

क्या बोले एसपी ग्रामीण

एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष सिंह ने बताया, "अभी देर रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन लोगों को गोली लगी है. इस सूचना पर तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार ने कुछ नाम बताएं हैं. उसके आधार पर लगातार पुलिस दबिश दे रही है. जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा."

क्या बोले डीआईजी

मेरठ रेंज के DIG कलानिधि नैथानी ने बताया, "शिकायतों और लोगों से पता चला है कि कुछ युवकों के बीच जिम में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था. बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक अपना जन्मदिन मना रहा था. स्थानीय पुलिस आस-पास के इलाके में भी जांच-पड़ताल कर रही है. आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं. CCTV फुटेज की जांच के लिए भी टीमें बनाई हैं. फील्ड यूनिट मौके पर मौजूद है. उन्होंने कुछ सबूत इकट्ठा किए हैं, जिनकी अलग से जांच की जाएगी. फिलहाल, यह जानकारी मिली है कि उनके बीच किसी बात को लेकर असहमति थी, जिसकी वजह से झगड़ा हो गया."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो