बांके बिहारी मंदिर में फिर टूटी मर्यादा, ठाकुरजी के सामने बरेली महापौर ने काटा जन्मदिन का केक, वीडियो वायरल
ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में एक बार फिर मर्यादाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. जानकारी के अनुसार, बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम अपने बेटे और समर्थकों के साथ जन्मदिन के अवसर पर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे थे. जहां जगमोहन में ठाकुरजी के सामने केक रखकर जन्मदिन मनाया गया.

मथुरा/वृंदावन: ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में एक बार फिर मर्यादाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बता दें, बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम का मंदिर परिसर में ठाकुरजी के समक्ष जन्मदिन का केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में नाराज़गी देखने को मिल रही है. बता दें, बुधवार देर शाम वायरल हुए इस वीडियो पर लोग मंदिर की परंपराओं और मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
कब सामने आया ये मामला?
जानकारी के अनुसार, बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम अपने बेटे और समर्थकों के साथ जन्मदिन के अवसर पर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंदिर में फूल बंगला सजाने का आयोजन भी कराया. वहीं दर्शन के दौरान वह वीआईपी गैलरी में पहुंचे, जहां जगमोहन में ठाकुरजी के सामने केक रखकर जन्मदिन मनाया गया. इस दौरान केक काटते ही उनके समर्थकों ने तालियां बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया. वहीं इस दौरान वहां मौजूद एक शख्स ने इस वीडियो को अपने कैमरे में कैद कर लिया.
वृंदावन धाम में विराजमान श्री बाँके बिहारी जी की कृपा ही जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। जन्मदिवस के पावन अवसर पर सपरिवार उनके श्रीचरणों में नमन कर दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। जय श्री बाँके बिहारी लाल की। #umeshgautam#bharat#uttarpradesh#bareilly pic.twitter.com/PywrsFmrH3
— UMESH GAUTAM (@UmeshGautamBJP) July 1, 2026
वीडियो में देखा जा सकता है इस घटना से मंदिर में मौजूद कई श्रद्धालु असहज और हतप्रभ दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि कुछ सेवायतों और पुरोहितों ने इस पर आपत्ति भी जताई, लेकिन वीआईपी व्यवस्था के चलते उनकी बात पर कुछ खास गौर नहीं किया गया.
लोगों ने दी तीखी प्रतिक्रिया
यही वजह है कि वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है. कई लोगों ने इसे मंदिर की परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. दरससल, ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में मर्यादा उल्लंघन को लेकर यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी मंदिर परिसर में नियमों और परंपराओं के उल्लंघन से जुड़े कई विवाद सामने आ चुके है. ऐसे में एक बार फिर मंदिर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं.


