नोएडा एयरपोर्ट की टिकट विंडो खुली, आज से बुकिंग शुरू, जानें पहली उड़ान का समय

इंडिगो एयरलाइंस आज से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर रही है. एयरपोर्ट का नया कोड DXN – NIA अब इंडिगो के सिस्टम में दिखाई देने लगा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी राहत और उत्साह की खबर सामने आई है. लंबे समय के इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का रास्ता साफ होता दिख रहा है. एयरपोर्ट से टिकटों की बिक्री शुरू होने जा रही है और सबसे पहले इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं शुरू करेगी.

15 जून को पहली उड़ान एयरपोर्ट पर उतरेगी

एयरपोर्ट का नया कोड DXN-NIA अब इंडिगो के बुकिंग सिस्टम में भी दिखाई देने लगा है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. सूत्रों के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहुंचेगी. बताया जा रहा है कि 15 जून को पहली उड़ान लखनऊ से रवाना होकर जेवर एयरपोर्ट पर उतरेगी. इसी के साथ एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी.

एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस कंपनियां देश के बड़े शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी में जुटी हैं. शुरुआती चरण में मुंबई, लखनऊ और कश्मीर जैसे महत्वपूर्ण गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई गई है. इसके अलावा अयोध्या, वाराणसी, जयपुर, बेंगलुरु, अहमदाबाद और गोवा जैसे शहरों को भी जल्द जोड़ने की तैयारी चल रही है. माना जा रहा है कि टिकट बुकिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आज से शुरू हो सकती है.

सीईओ राकेश कुमार ने क्या कहा? 

जानकारी के अनुसार, संचालन के पहले दिन इंडिगो की दो फ्लाइट्स एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगी. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने भी पुष्टि की है कि नियमित उड़ानों के लिए टिकट बुकिंग शुरू होने वाली है. फिलहाल इंडिगो ने यात्री सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है, जबकि आने वाले समय में अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू कर सकती हैं. इन कंपनियों की यात्री और कार्गो सेवाओं का शेड्यूल जल्द जारी होने की संभावना है.

अधिकारियों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. इससे यात्रा का समय कम होगा, दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव घटेगा और क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो