यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, 20 से ज्यादा घायल
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा देखने को मिला. भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात रफ्तार और लापरवाही का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला. आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट वोल्वो बस अनियंत्रित होकर गिट्टी से भरे एक ट्रेलर ट्रक में पीछे से जा घुसी. इस भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चीख-पुकार मच गई.
देर रात नींद का झोंका बना काल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 111-113 के पास हुआ. 'गोला बस सर्विस' की बिहार नंबर की यह वोल्वो बस करीब 65 यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही थी. इसी दौरान एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर राजस्थान नंबर का गिट्टी से लदा एक ट्रेलर चल रहा था.
#WATCH मथुरा(उत्तर प्रदेश): यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना राया अंतर्गत माइलस्टोन संख्या 112 के पास बस और ट्रेलर की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हुए हैं। pic.twitter.com/0dypyQ3ACZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 30, 2026
कैसे हुआ हादसा
आशंका जताई जा रही है कि देर रात बस चालक को नींद का झोंका आ गया, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस सीधे आगे चल रहे ट्रेलर में समा गई. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बनाया 'ग्रीन कॉरिडोर'
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे. मथुरा के एसपी सुरेश चंद्र रावत और सीओ महावन संजीव कुमार ने बल के साथ मोर्चा संभाला. प्रशासन ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए और उन्हें बिना किसी देरी के तत्काल इलाज मुहैया कराने के लिए घटनास्थल से अस्पताल तक एक विशेष 'ग्रीन कॉरिडोर' तैयार किया.
19 से अधिक लोगों का इलाज
एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां फिलहाल 19 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
शवों की शिनाख्त की कोशिश जारी
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अभी तक मृत लोगों की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन उनके सामान और साथी यात्रियों की मदद से शिनाख्त करने का प्रयास कर रहा है. जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियमित रूप से बहाल कर दिया है. हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए कानूनी जांच शुरू कर दी गई है.


