बॉयफ्रेंड के लिए बेटी ने लुटवा दिया अपना ही घर, प्रेमी संग रची सवा करोड़ की डकैती की साजिश

मुरादाबाद की करोड़ों की डकैती में ऐसा खुलासा हुआ जिसने सभी को चौंका दिया. पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश घर के अंदर से रची गई थी. कारोबारी की बेटी अरीबा ने प्रेमी संग मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.

Shraddha Mishra

मुरादाबाद: मुरादाबाद में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती का खुलासा होने के बाद हर कोई हैरान है. जिस बेटी पर परिवार आंख बंद कर भरोसा करता था, वही अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर में डकैती की साजिश रच रही थी. पुलिस जांच में सामने आया कि पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर हुई सवा करोड़ रुपये की लूट कोई बाहरी हमला नहीं था, बल्कि यह पूरी वारदात घर के अंदर से प्लान की गई थी. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में 11 मई की सुबह हुई इस डकैती ने पुलिस को भी शुरुआत में उलझन में डाल दिया था. लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी प्यार, विश्वासघात और लालच के ऐसे जाल तक पहुंची, जिसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक कारोबारी की बेटी अरीबा का अमरोहा निवासी अरशद वारसी से पिछले सात-आठ साल से प्रेम संबंध था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग जाति होने की वजह से परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था.

धीरे-धीरे दोनों ने तय किया कि अगर परिवार साथ नहीं दे रहा, तो पैसे के दम पर नई जिंदगी शुरू की जाएगी. यहीं से डकैती की खतरनाक योजना तैयार हुई. अरीबा को घर की आर्थिक स्थिति और वहां रखे कैश की पूरी जानकारी थी. उसने अपने प्रेमी को बताया कि घर में बड़ी रकम रखी रहती है. इसके बाद दोनों ने मिलकर लूट की साजिश बनाई.

एक महीने पहले प्रेमी को सौंप दी थी घर की चाबी

जांच में पता चला कि यह पूरी वारदात अचानक नहीं हुई थी. इसकी तैयारी पिछले एक महीने से चल रही थी. अरीबा ने पहले ही घर के मुख्य दरवाजे की चाबी अपने प्रेमी अरशद को दे दी थी. इसके अलावा उसने घर की सुरक्षा व्यवस्था और परिवार की दिनचर्या की भी पूरी जानकारी साझा की थी. 11 मई की सुबह करीब चार बजे जब परिवार के लोग सो रहे थे, तब अरीबा ने खुद अंदर से डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को घर में प्रवेश कराया. इसके बाद अरशद और उसके साथी हथियार लेकर घर में घुसे और पूरे परिवार को बंधक बना लिया.

सवा करोड़ रुपये लेकर फरार हुए आरोपी

डकैत घर से बड़ी मात्रा में नकदी लेकर फरार हो गए. पुलिस के अनुसार बदमाश करीब सवा करोड़ रुपये का कैश अपने साथ ले गए थे. इतना ही नहीं, जाते समय उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग पूरी तरह दहशत में आ गए थे. शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा था कि यह किसी पेशेवर गैंग का काम है.

मुरादाबाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें बनाई थीं. एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, शक घर के अंदर के लोगों पर जाने लगा. पुलिस ने अरीबा की गतिविधियों और बातचीत की जांच की तो पूरी साजिश सामने आ गई. इसके बाद पुलिस ने अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

लाखों रुपये और हथियार बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा चार तमंचे, पांच मोबाइल फोन और दो कारें भी जब्त की गई हैं. पुलिस का कहना है कि अभी बाकी रकम और अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है. कई स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कई और खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो