जेवर एयरपोर्ट पर उतरी पहली कमर्शियल फ्लाइट, जिन किसानों ने दी जमीन वही बनेंगे पहले यात्री

लंबे इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से कमर्शियल उड़ानों का संचालन शुरू हो गया. एयरपोर्ट पर लखनऊ से आने वाली पहली फ्लाइट की सफल लैंडिंग हुई. इसके साथ ही एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया.

Shraddha Mishra

नोएडा: उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा. लंबे इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से कमर्शियल उड़ानों का संचालन शुरू हो गया. एयरपोर्ट पर लखनऊ से आने वाली पहली फ्लाइट की सफल लैंडिंग के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत हुई. 

सोमवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर पहली कमर्शियल फ्लाइट जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची. इसके साथ ही एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया. इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी एयरपोर्ट पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. पहली उड़ान के स्वागत को लेकर एयरपोर्ट परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला. स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने इस पल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया.

किसानों के लिए खास बनी पहली उड़ान

एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होने वाली पहली फ्लाइट को विशेष महत्व दिया गया है. इस उड़ान में 172 किसान यात्रा कर रहे हैं, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी. इन किसानों के साथ जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह भी मौजूद हैं.

लखनऊ पहुंचने के बाद यह प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा और एयरपोर्ट परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने वाले किसानों की ओर से उनका आभार व्यक्त करेगा. इस पहल का उद्देश्य किसानों की भागीदारी और योगदान को सम्मान देना है.

'सपना आज हकीकत में बदला'

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस अवसर को भावुक और ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि जिन किसानों से कभी इस परियोजना के लिए सहयोग मांगा गया था, आज वही किसान उसी जमीन पर बने एयरपोर्ट से पहली बार हवाई यात्रा कर रहे हैं. उनके अनुसार यह सिर्फ एक उड़ान नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और बदलती तस्वीर का प्रतीक है. उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि किसानों को इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनाना एक सराहनीय कदम है.

यात्रियों में दिखा उत्साह

एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों ने भी अपनी खुशी जाहिर की. एक यात्री ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करना काफी सुविधाजनक है. यहां पहुंचने में उन्हें किसी ट्रैफिक समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट जाते समय अक्सर लंबा समय लग जाता था. यात्रियों ने एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की भी सराहना की.

विकास की नई उड़ान का प्रतीक

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती चरण में जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ, बेंगलुरु समेत कई शहरों के लिए उड़ानों का संचालन किया जाएगा. आने वाले समय में यह एयरपोर्ट देश और दुनिया के कई प्रमुख शहरों से जुड़ जाएगा. इस अवसर को खास बनाते हुए उन परिवारों को भी शामिल किया गया, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन सरकार को सौंपी थी. कभी जिन खेतों में खेती होती थी, आज वहीं से विमान उड़ान भर रहे हैं. यह बदलाव विकास और आधुनिक भारत की नई तस्वीर को दर्शाता है.

क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल जेवर या गौतम बुद्ध नगर की उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि किसानों की यह यात्रा बताती है कि विकास तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना न केवल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि रोजगार, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो