राम मंदिर दान चोरी में सनसनीखेज खुलासा: 900 डॉलर समेत 79 लाख बरामद, अविनाश शुक्ला ने लूटा सबसे ज्यादा धन!

अयोध्या पुलिस के मुताबिक, आठों आरोपियों के ठिकानों पर गहन तलाशी चलाई गई। इस दौरान सात आरोपियों से कुल 79 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

Sachin Hari Legha

अयोध्या: रामलला के मुख्य दान पात्र से करोड़ों की चोरी के मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के चढ़ावे में सेंध लगाने वाले गिरोह पर पुलिस और SIT ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी की है। जेल भेजे गए आठ आरोपियों में से सात के पास से भारी नकदी और विदेशी करेंसी मिली है।  

7 आरोपियों से मिले 79 लाख और 900 अमेरिकी डॉलर  

अयोध्या पुलिस के मुताबिक, आठों आरोपियों के ठिकानों पर गहन तलाशी चलाई गई। इस दौरान सात आरोपियों से कुल 79 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद हुए। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि इनके पास से 900 अमेरिकी डॉलर भी मिले। ये विदेशी मुद्रा उन NRI और विदेशी भक्तों की थी जिन्होंने रामलला को दान दिया था।  

अविनाश शुक्ला के पास से निकले 20 लाख   

पूरी जांच में सबसे बड़ा आरोपी अविनाश शुक्ला निकला। पुलिस ने जब उसके ठिकानों पर छापा मारा तो अकेले उसी के पास से करीब 20 लाख रुपये की नकदी मिली। नोटों की गड्डियां देखकर पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। अविनाश ने सबसे ज्यादा रकम पर हाथ साफ किया था।  

गणना प्रभारी सुभाष से कुछ नहीं मिला, पर भूमिका संदिग्ध   

गिरफ्तार आठ आरोपियों में राम मंदिर ट्रस्ट का गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव भी शामिल है। हैरानी की बात ये है कि उसके पास से एक भी रुपया या डॉलर बरामद नहीं हुआ। लेकिन सूत्रों का कहना है कि दान की गिनती में हेरफेर करने और पूरे सिंडिकेट को बचाने में उसकी भूमिका संदिग्ध है। इसी आधार पर उसे सह-आरोपी बनाकर जेल भेजा गया है।  

सभी आरोपी भेजे गए जेल, बैंक खातों की जांच शुरू   

अयोध्या पुलिस ने सभी आठों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। अब SIT इनके बैंक खातों, संपत्तियों और पिछले कुछ महीनों के संदिग्ध लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद रकम को कोर्ट में मुख्य सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा।  

अधिकारियों ने साफ किया है कि आस्था को चोट पहुंचाने वाले किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। SIT अब ये पता लगा रही है कि चोरी का ये खेल कितने समय से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन शामिल है।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो