1 जुलाई से देश में होंगे ये 5 बड़े बदलाव: LPG से क्रेडिट कार्ड तक महंगाई की मार
हर महीने की पहली तारीख को लोगों की नजर LPG सिलेंडर की कीमतों पर रहती है। रसोई का बजट इसी से तय होता है। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते मिडिल ईस्ट में हलचल बढ़ी है।

नई दिल्ली: जून का महीना खत्म होने में अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं। जुलाई की शुरुआत के साथ ही देश में कई बड़े नियम बदल जाएंगे। हर महीने की तरह इस बार भी LPG सिलेंडर, क्रेडिट कार्ड और कारों की कीमतों पर सीधा असर पड़ेगा। आइए जानते हैं 1 जुलाई से होने वाले 5 बड़े बदलावों के बारे में।
पहला बदलाव: बदलेंगे LPG सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को लोगों की नजर LPG सिलेंडर की कीमतों पर रहती है। रसोई का बजट इसी से तय होता है। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते मिडिल ईस्ट में हलचल बढ़ी है। इसका असर गैस के दामों पर भी दिखा।
1 जून को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर 53.50 रुपये महंगे हुए थे। इसके बाद दिल्ली में इनकी कीमत 3113.50 रुपये हो गई थी। 5 किलो वाले सिलेंडर भी महंगे हुए थे। हालांकि 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर रही थी। 1 जुलाई को फिर से दामों में बदलाव संभव है।
दूसरा बदलाव: हवाई सफर होगा महंगा या सस्ता?
1 जुलाई से हवाई यात्रियों पर भी असर पड़ेगा। तेल कंपनियां LPG के साथ एयर टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में भी संशोधन करती हैं। ATF महंगा हुआ तो एयर टिकट के दाम बढ़ जाएंगे। अगर कीमत घटी तो यात्रियों को राहत मिलेगी। पिछली बार भी ATF के रेट बदले थे।
तीसरा बदलाव: HDFC क्रेडिट कार्ड के नए नियम
अगर आप HDFC बैंक का रेगैलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड यूज करते हैं तो 1 जुलाई से नया नियम लागू होगा। अब घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की फ्री सर्विस जारी रखने के लिए तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे। पिछली तिमाही में यह लिमिट पूरी करने पर ही अगली तिमाही में फ्री एक्सेस मिलेगा।
चौथा बदलाव: आधार में ईमेल अपडेट होगा फ्री
UIDAI ने आधार कार्ड यूजर्स को बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराना फ्री होगा। पहले इसके लिए 75 रुपये चार्ज देना पड़ता था। यह फ्री सर्विस दिसंबर 2026 तक यानी 6 महीने के लिए है। जिन लोगों का ईमेल आधार से लिंक नहीं है, वे बिना पैसे खर्च किए अपडेट करा सकते हैं।
पांचवां बदलाव: कार खरीदना पड़ेगा महंगा
जुलाई से कार खरीदने का प्लान महंगा पड़ेगा। KIA मोटर्स ने अपनी कारों की कीमत 2% तक बढ़ाने का ऐलान किया है। Tata Motors भी पीछे नहीं है। कंपनी ICE और EV दोनों मॉडल्स के दाम 1.5% तक बढ़ा सकती है। नई कीमतें 1 जुलाई से लागू होंगी। ये बदलाव सीधे आपकी जेब पर असर डालेंगे। रसोई से लेकर सफर और शॉपिंग तक, हर जगह बजट बिगड़ सकता है।


