दीघा बीच पर उफनती लहरों में फंसी महिला, लोगों ने बनाई 'ह्यूमन चेन' और बचाई जान

वीडियो बिश्वजीत गिरी ने शेयर किया है। इसमें एक परिवार दीघा बीच पर लहरों के बीच मस्ती करता दिख रहा है। तभी अचानक समंदर का रुख बदल गया। लहरें इतनी तेज और ऊंची हो गईं कि जान पर बन आई।

Sachin Hari Legha

कोलकाता: पश्चिम बंगाल अक्सर सियासी खबरों को लेकर चर्चा में रहता है। लेकिन इस बार वजह एक वीडियो बना है। वीडियो में एक पूरे परिवार और खासकर एक महिला के रेस्क्यू के वो चंद मिनट दिख रहे हैं, जब कुछ भी हो सकता था। मगर लोगों की एकजुटता से कई जानें बच गईं। दीघा बीच का यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।  

समंदर में मस्ती पड़ी भारी   

वीडियो बिश्वजीत गिरी ने शेयर किया है। इसमें एक परिवार दीघा बीच पर लहरों के बीच मस्ती करता दिख रहा है। तभी अचानक समंदर का रुख बदल गया। लहरें इतनी तेज और ऊंची हो गईं कि जान पर बन आई।

परिवार के बाकी लोग एक-दूसरे को संभालते हुए किसी तरह सुरक्षित जगह पहुंच गए। लेकिन एक महिला लहरों के बीच से उठ ही नहीं पाई। कुछ ही पलों में मस्ती जानलेवा हालात में बदल गई।  

जान बचाने के लिए बनी इंसानों की जंजीर   

महिला को उठाने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन तेज लहरों के आगे सब बेबस थे। मदद करने वाले लोग भी बहने लगे थे। तभी वहां मौजूद लोगों ने समझदारी दिखाई। सबने मिलकर 'ह्यूमन चेन' बना ली।

एक-दूसरे का हाथ थामे लोग धीरे-धीरे महिला तक पहुंचे। इंसानी जंजीर की ताकत से आखिरकार महिला को खींचकर बाहर निकाल लिया गया। अगर लोग साथ न देते तो हादसा बड़ा हो सकता था।  

वजन की वजह से नहीं उठ पा रही थीं महिला   

बताया जा रहा है कि महिला अपने भारी वजन के कारण खुद से उठ नहीं पा रही थी। लहरों का दबाव और रेत में धंसते पैर ने मुश्किल और बढ़ा दी थी। रेस्क्यू के बाद महिला सुरक्षित है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।  

सोशल मीडिया पर आईं मिली-जुली प्रतिक्रियाएं  

वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, "एक्सरसाइज करो यार।" दूसरे ने कहा, "भगवान ने इशारा किया है, संभल जाओ।" वहीं एक यूजर ने लोगों की तारीफ करते हुए लिखा, "क्या सर्वाइविंग स्किल है, ह्यूमन चेन ने कमाल कर दिया।"  

यह घटना याद दिलाती है कि समंदर की लहरें कब रौद्र रूप ले लें, कहा नहीं जा सकता। मस्ती के बीच सतर्क रहना और दूसरों की मदद के लिए आगे आना ही सबसे बड़ी इंसानियत है।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो