भारत फिर बना संकट में दुनिया का साथी! वेनेजुएला के लिए शुरू किया 'ऑपरेशन अमिस्ताद', भेजी मेडिकल टीम और राहत सामग्री
वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' शुरू करते हुए राहत और चिकित्सा सहायता भेजी है. भारतीय वायुसेना के दो C-17 विमान 41 सदस्यीय मेडिकल टीम के साथ प्रभावित लोगों की मदद के लिए रवाना हुए हैं.

नई दिल्ली: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने मानवीय सहायता के लिए बड़ा कदम उठाया है. भारत सरकार ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' नाम से राहत अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान राहत सामग्री, चिकित्सा उपकरण और विशेषज्ञ मेडिकल टीम लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हुए हैं. 'अमिस्ताद' स्पेनिश भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ 'मित्रता' होता है.
दो शक्तिशाली भूकंप से मची तबाही
बुधवार को वेनेजुएला में एक मिनट के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. इन भूकंपों से कई इमारतें ढह गईं और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,500 से अधिक लोग घायल हैं. हजारों लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है.
भारत ने भेजी राहत और मेडिकल सहायता
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारत वेनेजुएला को 35 टन से अधिक राहत सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण भेज रहा है. इसके साथ ही भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल यूनिट भी राहत कार्य में मदद करेगा. मिशन का उद्देश्य प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सहायता और जरूरी राहत उपलब्ध कराना है.
Operation Amistad underway!
The assistance contains an Indian Army @adgpi Field Hospital Unit and over 35 tons of relief supplies, medicines and medical… pic.twitter.com/Dcq8P065tp— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) June 26, 2026
Two @IAF_MCC C17s took-off today for Venezuela with urgent assistance to support their post-earthquake relief efforts.
41 सदस्यीय मेडिकल टीम भी रवाना
भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की 41 सदस्यीय टीम भी इस अभियान का हिस्सा है. टीम में 9 डॉक्टर शामिल हैं, जो आपातकालीन इलाज, ट्रॉमा मैनेजमेंट, जीवनरक्षक सर्जरी और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे. टीम के साथ करीब छह टन मेडिकल सामग्री और मानवीय सहायता भी भेजी गई है.
BHISHM क्यूब भी पहुंचाए जा रहे
राहत अभियान में भारत के 'आरोग्य मैत्री' प्रोजेक्ट के तहत विकसित BHISHM Cube भी भेजे गए हैं. ये पोर्टेबल मेडिकल यूनिट आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम हैं और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहद उपयोगी माने जाते हैं.
मानवीय सहयोग का संदेश
ऑपरेशन अमिस्ताद के जरिए भारत ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदा के समय मित्र देशों की मदद करने की अपनी नीति को मजबूत किया है. इस अभियान से न केवल वेनेजुएला को राहत मिलेगी, बल्कि दोनों देशों के बीच सहयोग और मित्रता के संबंध भी और मजबूत होने की उम्मीद है.


