केतन अग्रवाल मर्डर केस पर सीएम फडणवीस की पहली प्रतिक्रिया, कहा 'यह समाज के लिए चेतावनी'

सीएम का यह बयान तब आया जब केतन का परिवार पुणे में उनके एक कार्यक्रम के दौरान उनसे मिला। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से गुजारिश की कि दोषियों को मौत की सजा दिलाना सुनिश्चित करें।

Sachin Hari Legha

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की कथित हत्या पर शुक्रवार को पहली बार बयान दिया। इस घटना को "बेहद चौंकाने वाला" बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे सिर्फ अपराध न मानकर गहरी सामाजिक समस्याओं के आईने की तरह देखना चाहिए।  

'पढ़े-लिखे बच्चों में ऐसी सोच क्यों पनपी?'   

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "यह ऐसी घटना है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह हमें समाज के तौर पर गंभीरता से सोचने पर मजबूर करती है। पढ़े-लिखे और अच्छे परिवारों के बच्चों में ऐसी बुरी और विनाशकारी सोच क्यों पनपती है? इसके पीछे क्या कारण हैं? हमें गहराई से सोचना होगा।"  

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले को केवल अपराध की नजर से न देखा जाए। उन्होंने कहा, "समाज को सोचना होगा कि कैसा माहौल और सिस्टम बनाया जाए ताकि इतनी कम उम्र में बच्चों में ऐसी क्रूर और बदले की भावना न पनपे। यह घटना वाकई बहुत चौंकाने वाली है।"  

केतन के पिता ने की दोषियों को फांसी की मांग   

सीएम का यह बयान तब आया जब केतन का परिवार पुणे में उनके एक कार्यक्रम के दौरान उनसे मिला। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से गुजारिश की कि दोषियों को मौत की सजा दिलाना सुनिश्चित करें।  

मुलाकात के बाद विशाल ने बताया, "माननीय मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे खुद इस मामले पर नजर रखेंगे। दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले, यह पक्का करेंगे। सरकार जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में पूरी मदद करेगी।"  

एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप, CCTV फुटेज भी आया सामने   

सिया और चेतन दोनों को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों केतन की मौत के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। माना जा रहा है कि साजिश दोनों ने मिलकर रची थी, लेकिन लोहागढ़ किले में खाई में धक्का दूसरे व्यक्ति ने दिया। एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें केतन की मौत से कुछ समय पहले सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में दिख रहे हैं।  

सगाई के बाद से ही थे रिश्ते में तनाव  

सिया और केतन की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी। बेंगलुरु में परिवारों की मुलाकात के एक हफ्ते बाद ही सगाई तय हुई थी। केतन के परिवार का कहना है कि उसने सिया को लेकर चिंता जताई थी। केतन ने बताया था कि सिया का फोन हमेशा बिजी रहता था और वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ती थी।  

वहीं सिया ने माना कि उसे केतन इसलिए पसंद नहीं था क्योंकि उसके बाल कम थे और वह हकलाता था। चेतन के परिवार ने उसे बेगुनाह बताया है। उनका दावा है कि जब सिया ने केतन को धक्का दिया, तब चेतन कुछ दूरी पर खड़ा था। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो