आतंकी साजिश का पर्दाफाश! ISI के निशाने पर कई राज्य, हाइब्रिड आतंकी तैयार कर रहा पाकिस्तान

आईएसआई और कई आतंकी संगठन अब देश के विभिन्न राज्यों को निशाना बना रहे हैं. इन इलाकों में 'हाइब्रिड आतंकी' तैयार किए जा रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर में सोलर कैमरों से रेकी करवाने से लेकर आरडीएक्स सप्लाई के दौरान पकड़े गए आरोपियों के ठोस सबूत खुफिया एजेंसियों के हाथ लग चुके हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

खुफिया एजेंसियों ने देश में आईएसआई और आतंकी संगठनों की गहरी साजिश का पर्दाफाश किया है. कई राज्यों में हाइब्रिड आतंकियों को तैयार किया जा रहा है, जिनका कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है और स्थानीय होने के कारण वे आसानी से वारदात अंजाम दे सकते हैं. दिल्ली-एनसीआर में सोलर कैमरों से रेकी कराने से लेकर अंबाला में आरडीएक्स की सप्लाई के दौरान गिरफ्तारियां हुई हैं, जिससे खुफिया एजेंसियों को ठोस सबूत मिले हैं कि पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क 12 से अधिक राज्यों में फैला हुआ है.

एसटीएफ, आईबी, एटीएस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग मॉड्यूल्स की छानबीन में कई गिरफ्तारियां की हैं. पाकिस्तानी गैंगस्टर और आईएसआई के लिए काम करने वाले शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने वाले आरोपियों की धरपकड़ से बड़े खुलासे हुए हैं, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील स्थानों पर जासूसी कैमरे लगाना और आरडीएक्स की तस्करी शामिल है.

अंबाला में आरडीएक्स के साथ तीन गिरफ्तार

एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने वाले तीन आरोपियो अकबर अली, अनस और जगबीर को अंबाला में आरडीएक्स के साथ दबोचा. चौथा आरोपी मक्खनदीप फरार बताया जा रहा है.

गाजियाबाद में सुहेल मलिक समेत छह गिरफ्तार

गाजियाबाद की कौशांबी पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर सुहेल मलिक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया. खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर सुहेल ने दिल्ली और अन्य जगहों पर सोलर कैमरे लगवाए थे. इसी टेरर मॉड्यूल से जुड़े नौ आरोपियों की 20 मार्च को गिरफ्तारी हुई, जिसमें पांच किशोर भी शामिल हैं.

हापुड़ और मेरठ से आरडीएक्स कनेक्शन में गिरफ्तारियां

आईबी और एटीएस ने 18 मार्च को हापुड़ से अजीम राणा और मेरठ के आजाद राजपूत को गिरफ्तार किया. दोनों का शहजाद भट्टी से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क था.

12 से ज्यादा राज्यों में फैला नेटवर्क

खुफिया एजेंसियां अब इन अलग-अलग मॉड्यूल्स की गहन जांच में जुटी हैं. जांच में सामने आया कि आईएसआई और आतंकी संगठनों ने बिहार-झारखंड, आंध्र प्रदेश, केरल, पंजाब, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान और कश्मीर समेत 12 से अधिक राज्यों में अपना नेटवर्क फैला रखा है. इन हाइब्रिड आतंकियों को स्थानीय युवकों से तैयार किया जा रहा है. बिजनौर निवासी सुहेल मलिक ने दिल्ली-एनसीआर में नए युवकों को शामिल कर सोलर कैमरे लगवाए थे.

यूपी एटीएस ने मौलाना को पूछताछ के बाद छोड़ा

देवबंद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के मौलाना को यूपी एटीएस ने हिरासत में लिया, जिससे गांव में सनसनी फैल गई. पूछताछ के बाद शाम को उन्हें छोड़ दिया गया. मौलाना हाल ही में ईरान से मौलवियत की पढ़ाई पूरी कर लौटे थे.

दिल्ली कैंट और मंदिर की रेकी का टास्क

रविवार को गिरफ्तार बिहार निवासी नौशाद की भूमिका पाकिस्तान के लिए जासूसी गिरोह में महत्वपूर्ण पाई गई. मीरा ने नौशाद को सुहेल से मिलाया था. नौशाद सुहेल मलिक की तरह मुख्य हैंडलर था और पाकिस्तानी आका सरफराज के निर्देश पर संवेदनशील स्थानों के वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजता था. नौशाद को झारखंड के देवघर स्थित मंदिर का वीडियो और लोकेशन जुटाने का टास्क मिला था.

रेल जिहाद से संभावित कनेक्शन की आशंका

पिछले समय में देशभर में रेलगाड़ियों को पलटने की कई साजिशें उजागर हुई थीं. अब गाजियाबाद में पकड़े गए मॉड्यूल ने रेलवे स्टेशन और मेट्रो-रैपिड स्टेशनों पर कैमरे लगाकर वीडियो पाकिस्तान भेजने का खुलासा किया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो