30 जून से शुरू होगी कैलास मानसरोवर यात्रा, यात्रियों के लिए जारी हुई विशेष गाइडलाइंस

कैलास मानसरोवर यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. बता दें, 30 जून से शुरू होने वाली इस पवित्र यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई.

Yashika Jandwani

देहरादून: कैलास मानसरोवर यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. बता दें, 30 जून से शुरू होने वाली इस पवित्र यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय की ओर से गाइडलाइन जारी कर दी गई. वहीं इस दौरान यात्रियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा सुविधा और परिवहन की जिम्मेदारी संभाल रहे कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) ने भी सभी इंतजामों को अंतिम रूप दे दिया है.

सीमित सामान ले जाने की अनुमती 

वहीं, विदेश मंत्रालय द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जारी विस्तृत दिशा-निर्देश के अनुसार यात्रियों को सीमित सामान के साथ यात्रा करने की सलाह दी है, खासकर लिपुलेख मार्ग से जाने वाले यात्रियों को हल्का सामान रखने के लिए कहा गया है. इन नियमों के चलते  प्रत्येक यात्री अधिकतम 20 किलोग्राम तक ही अपना निजी सामान अपने साथ ले जा सकता है. इसके अलावा प्रत्येक बैच को सामूहिक उपयोग के लिए प्रति यात्री पांच किलोग्राम तक अतिरिक्त सामान ले जाने की अनुमति होगी, जिसका उपयोग भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में किया जाएगा.

दंवाए साथ रखने की दी गई सलाह 

इसके साथ ही यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आवश्यक दवाएं साथ रखने की सलाह दी गई है. मंत्रालय ने 19 प्रकार की दवाओं और प्राथमिक उपचार सामग्री को यात्रा में ले जाने की अनुमति दी है. इनमें बुखार, पेट संबंधी समस्याओं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाली दिक्कतों और सामान्य संक्रमण से जुड़ी दवाएं शामिल हैं. हालांकि होम्योपैथिक उपचार का उपयोग करने वाले यात्री अपनी जरूरत के अनुसार दवाएं साथ रख सकते हैं.

सेवा टीम भी रहेगी मौजूद 

हर यात्रा दल के साथ पांच सदस्यीय सेवा टीम भी मौजूद रहेगी. जानकारी के अनुसार, इस टीम में एक डॉक्टर और चार रसोइए शामिल होंगे, जो पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों की सहायता करेंगे. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी यात्री की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टर और संपर्क अधिकारी उसे आगे यात्रा जारी रखने के लिए उपयुक्त नहीं मानते हैं, तो उनका निर्णय अंतिम माना जाएगा.

कब तक होगी यात्रा 

यात्रा का पहला दल 30 जून से 3 जुलाई तक दिल्ली में पासपोर्ट, वीजा और स्वास्थ्य जांच जैसी औपचारिकताएं पूरी करेगा.  इसके बाद यह दल 4 जुलाई को टनकपुर पहुंचेगा और आगे की यात्रा शुरू करेगा. बता दें, यह धार्मिक यात्रा 26 अगस्त तक विभिन्न चरणों में संचालित की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो