बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां पूर्वी बेंगलुरु में एक 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ भीड़भाड़ वाले बाजार में एक अजनबी युवक ने जबरदस्ती शारीरिक छेड़छाड़ की. आरोपी ने न सिर्फ छात्रा को जबरन गले लगाया, बल्कि उसके साथ जबरन किस करने की भी शर्मनाक हरकत की. पीड़िता ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर अपनी जान बचाई और तुरंत घर लौटकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी.
यह घटना नागवाड़ा इलाके के पास घटी, जहां छात्रा अपनी जरूरत का सामान खरीदने निकली थी. छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना स्थल से CCTV फुटेज जुटाकर आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया.
घटना शाम करीब 7:45 से 8:00 बजे के बीच की है. छात्रा अपनी स्कूटी लेकर बाजार गई थी. उसने वाहन पार्क कर सड़क पार करने की कोशिश की, तभी एक युवक पीछे से आया और उसे जोर से गले लगा लिया. जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसका चेहरा पकड़कर जबरदस्ती किस करने लगा और अश्लील तरीके से छूने लगा.
कुछ मिनटों तक चले इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के बाद छात्रा ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और अपनी स्कूटी की ओर भागी. आरोपी ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया और भद्दी गालियां दीं. छात्रा ने रास्ते में दो राहगीरों से मदद मांगी और आरोपी की करतूत बताई. जैसे ही वे आरोपी की ओर बढ़े, वह भाग गया.
घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना माता-पिता को बताई, जिन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी की पहचान मोहम्मद मारुफ़ शरीफ (28) के रूप में की, जो एक पालतू पक्षियों की दुकान का मालिक है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना ने छात्रा को मानसिक रूप से झकझोर दिया है और वह अब घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही है. उसे पुलिस की मदद से काउंसलिंग दी जा रही है. पुलिस ने आरोपी पर BNS की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने की नीयत से हमला या बल प्रयोग), 75 (यौन उत्पीड़न) और 78 (स्टॉकिंग) के तहत केस दर्ज किया है.
स्थानीय निवासियों ने इस तरह की घटनाओं पर गहरी नाराज़गी जताई है और पुलिस से अपील की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, जिससे समाज में डर का माहौल बने और दोबारा ऐसी घटनाएं न हों. "ऐसे दरिंदों को सजा मिले ताकि कोई और लड़की इस पीड़ा से न गुज़रे," एक स्थानीय निवासी ने कहा. First Updated : Thursday, 24 July 2025