ईरान के ड्रोन हमले में संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में 3 भारतीय नागरिक घायल
फुजैरा में ईरानी ड्रोन हमले से तेल उद्योग क्षेत्र में आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए. घटना के बाद आपातकालीन सायरन भी बजा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर तनाव और बढ़ गया.

संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा में सोमवार को हुए ड्रोन हमलों ने इलाके में भारी तनाव पैदा कर दिया. जानकारी के मुताबिक, इन हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी चोटें गंभीर नहीं बताई जा रही हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
औद्योगिक परिसर में भीषण आग
बताया गया है कि यह हमला ईरान की ओर से किया गया, जिसमें फुजैरा के तेल उद्योग क्षेत्र को निशाना बनाया गया. ड्रोन के टकराने के बाद औद्योगिक परिसर में भीषण आग लग गई, जिसने आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं को तुरंत मौके पर तैनात करना पड़ा. फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
फुजैरा मीडिया कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल गई है और उनकी हालत स्थिर है. अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की है कि आग ड्रोन हमले के कारण ही लगी. तेल संयंत्रों में आग लगने से हालात को संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इससे बड़े नुकसान की आशंका बनी रहती है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और इलाके को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं.
हमले को लेकर आपातकालीन सायरन बजा
इसी दौरान, यूएई में संभावित मिसाइल हमले को लेकर एक और आपातकालीन सायरन भी बजाया गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया. हालांकि, सायरन बजने के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है. यह सायरन सोमवार को दूसरी बार बजा, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के बाद इस तरह की चेतावनियां सामने नहीं आई थीं. ऐसे में अचानक सायरन बजना और ड्रोन हमला होना क्षेत्र में बढ़ते तनाव की ओर इशारा करता है. हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार किसी बड़े नुकसान या अतिरिक्त हताहत की सूचना नहीं मिली है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.


