Columbia Plane Crash: कोलंबिया में उड़ान भरते ही एयरफोर्स का प्लेन क्रैश, 110 लोग थे सवार

कोलंबिया में वायुसेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस प्लेन में 110 लोग सवार थे. जानकारी के मुताबिक उड़ान भरते ही एयरफोर्स का प्लेन क्रैश हो गया. कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी दी है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कोलंबिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया, जब वायुसेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान में 100 से अधिक लोग सवार थे, जिससे भारी जनहानि की आशंका जताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में बड़ी संख्या में सैनिक प्रभावित हो सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक मृतकों और घायलों की पुष्टि नहीं की गई है.

कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने की पुष्टि 

कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देश के दक्षिणी क्षेत्र में लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में करीब 110 सैनिक सवार थे, जो एक सैन्य मिशन पर जा रहे थे. हादसे के बाद पूरे इलाके में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है.

रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने एक बयान जारी कर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब वायुसेना का विमान उड़ान भर रहा था. मंत्री ने बताया कि अभी तक हादसे के कारणों और हताहतों की सटीक संख्या का पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा, “हम बेहद दुख के साथ यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि हमारी वायुसेना का हरक्यूलिस विमान टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.”

हादसा कहां हुआ?

यह हादसा दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में पेरू सीमा के पास स्थित प्यूर्टो लेगुइज़ामो इलाके में हुआ. विमान सैनिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहा था, तभी उड़ान के दौरान यह दुर्घटना घटित हो गई. दुर्घटना स्थल दूरदराज और घने जंगलों वाला क्षेत्र होने के कारण राहत कार्यों में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं.

घटना के तुरंत बाद सैन्य और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. सरकार ने प्रभावित सैनिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है. साथ ही, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो