ट्रंप ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, बताया मजबूत और निर्णायक नेता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए उन्हें प्रभावशाली और मजबूत वैश्विक नेता बताया. साथ ही ट्रंप ने मोदी को गाजा में शांति स्थापित करने के लिए बनाए जा रहे ‘गाजा बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होने का निमंत्रण भी भेजा है.

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल बताया है. वैश्विक राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर चर्चा के दौरान ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं और हर मुद्दे को बेहद गंभीरता और सूझबूझ के साथ संभालते हैं. उनके अनुसार, चीन के राष्ट्रपति का प्रशासनिक अनुभव और निर्णय लेने की क्षमता उन्हें विश्व मंच पर एक मजबूत नेता बनाती है.
ट्रंप ने की पीएम मोदी की प्रशंसा
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि मोदी एक बेहद मजबूत, निर्णायक और प्रभावशाली नेता हैं, जिन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है. ट्रंप के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी उनकी एक अलग और मजबूत छवि है. उन्होंने कहा कि मोदी कठिन परिस्थितियों में भी स्पष्ट निर्णय लेने की क्षमता रखते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की हो. इससे पहले फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी. उस दौरान भी ट्रंप ने मोदी के व्यक्तित्व और नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वभाव बेहद शांत और संतुलित है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह खुद मोदी जितने शांत नहीं हैं. ट्रंप ने मोदी को संयमित, प्रभावशाली और मजबूत व्यक्तित्व वाला नेता बताया था, जो अपनी बात को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने रखते हैं.
इसी बीच भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने सोशल मीडिया पर वह आमंत्रण पत्र पोस्ट किया, जो राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को भेजा गया है. इस पत्र में मोदी को ‘गाजा बोर्ड ऑफ पीस’ का सदस्य बनने का निमंत्रण दिया गया है. यह पहल गाजा क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति और स्थिरता स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है.
सर्जियो गोर ने क्या कहा?
सर्जियो गोर ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को इस पहल का हिस्सा बनने का निमंत्रण भेजे जाने पर उन्हें गर्व है. उनके अनुसार, यह बोर्ड प्रभावी प्रशासन, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा तथा गाजा में स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों को मजबूत करेगा.
ट्रंप की इन टिप्पणियों को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है जब वैश्विक राजनीति कई चुनौतियों से गुजर रही है. ऐसे माहौल में अमेरिका द्वारा मोदी और शी जिनपिंग जैसे नेताओं की नेतृत्व क्षमता को सार्वजनिक रूप से सराहना मिलना अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से अहम संकेत माना जा रहा है.


