जेडी वेंस और मार्को रुबियो में से कौन बनेगा अमेरिका का अगला राष्ट्रपति? ट्रंप ने बताई अपनी पसंद

अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए जेडी वेंस और मार्को रुबियो के बीच जोरदार टक्कर शुरू हो गई है. ट्रंप दोनों की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें अपना संभावित उत्तराधिकारी मानते हुए “परफेक्ट टिकट” तक का जिक्र कर चुके हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा, इसको लेकर व्हाइट हाउस में चर्चा तेज है. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो दोनों ही इस रेस में सबसे आगे दिख रहे हैं.

व्हाइट हाउस बना ऑडिशन स्टेज

प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट के मैटरनिटी लीव पर जाने के बाद दोनों नेताओं को प्रेस ब्रीफिंग संभालने का मौका मिला. इसे 2028 की दावेदारी के लिए शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है. दो हफ्ते पहले मार्को रुबियो ने ब्रीफिंग की, अब जेडी वेंस ने भी पत्रकारों के सामने अपनी बात रखी.

मंगलवार को जेडी वेंस ने करीब एक घंटे तक पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया. पत्रकार जब एक साथ सवाल पूछने लगे तो वेंस मुस्कुराते हुए बोले, “मार्को रुबियो ने ठीक कहा था, यह जगह सच में अराजकता भरी है.” उन्होंने पत्रकारों की बैठने की व्यवस्था पर भी हल्का-फुल्का मजाक किया.

ईरान नीति का मजबूत बचाव

नीतिगत मुद्दों पर वेंस का लहजा गंभीर और संतुलित रहा। उन्होंने ट्रंप सरकार की ईरान नीति का पूरा समर्थन किया. साथ ही, राजनीतिक उत्पीड़न के शिकार ट्रंप सहयोगियों के लिए बनाए गए 1.7 अरब डॉलर के नए फंड को भी सही बताया.

जब एक पत्रकार ने उन्हें भावी उम्मीदवार कहा तो वेंस ने साफ जवाब दिया, “मैं कोई भावी उम्मीदवार नहीं हूं. मैं अभी देश का उपराष्ट्रपति हूं और अपना काम पूरी लगन से कर रहा हूं.”

दोनों को पसंद करते हैं ट्रंप 

ट्रंप खुद इस मुकाबले को बढ़ावा दे रहे हैं. पिछले हफ्ते व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में एक डिनर के दौरान उन्होंने मेहमानों से पूछा, “जेडी वेंस को पसंद है या मार्को रुबियो?” दोनों नामों पर लगभग बराबर तालियां बजी.

ट्रंप ने कहा कि अगर दोनों एक साथ चुनाव लड़ें तो यह “परफेक्ट टिकट” साबित हो सकता है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभी किसी एक को समर्थन देना जल्दबाजी होगी. बुधवार को जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि दोनों में किसका प्रदर्शन बेहतर रहा, तो उन्होंने दोनों की तारीफ की. ट्रंप बोले, “दोनों ने शानदार काम किया. वे बेहद सक्षम नेता हैं.”

आगे क्या होगा?

अभी दोनों नेता 2028 की अपनी महत्वाकांक्षा को खुलकर नहीं बता रहे हैं, लेकिन ट्रंप की तारीफ और व्हाइट हाउस में मिल रहे मौके साफ संकेत दे रहे हैं कि पार्टी का अगला चेहरा इन्हीं दोनों में से निकल सकता है. अभी यह तय नहीं है कि ट्रंप अंत में किसे अपना पसंदीदा उम्मीदवार बताएंगे, लेकिन दोनों ही नेताओं की तैयारी नजर आ रही है. 2028 का सफर दिलचस्प होने वाला है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो