कुछ ही मिनटों में आए दो खतरनाक भूकंप, वेनेजुएला में मची तबाही, लोगों ने घर छोड़कर खुले मैदानों में बिताई रात

वेनेजुएला में कुछ ही मिनटों के अंतराल पर 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आने से भारी तबाही मच गई, जिसमें कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई और लोगों में दहशत फैल गई.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: वेनेजुएला बुधवार शाम लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों से हिल गया. कुछ ही मिनटों के अंतराल में आए इन झटकों ने लोगों में भारी दहशत फैला दी. राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कैरेबियाई क्षेत्र के कई देशों के लिए सुनामी का अलर्ट भी जारी किया गया है.

कुछ ही मिनटों में आए दो बड़े भूकंप

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे आया, जिसकी तीव्रता 7.1 मापी गई. इसका केंद्र मोंटालबान क्षेत्र के पास जमीन से लगभग 13 किलोमीटर नीचे था।

पहले झटके के कुछ ही मिनट बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी तीव्रता 7.5 दर्ज की गई और इसका केंद्र मोरोन के दक्षिण-पश्चिम इलाके में लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था. दोनों भूकंप इतने तेज थे कि इनके झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए.

कराकास में सबसे ज्यादा असर

भूकंप का सबसे ज्यादा प्रभाव राजधानी कराकास में देखने को मिला. कई इमारतों में दरारें आ गईं और कुछ भवनों के हिस्से गिर गए. झटकों के दौरान लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए. शहर के कई हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने बताया कि अल्तामिरा क्षेत्र में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है. इस आपदा में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है.

सरकार ने लोगों को दी सलाह

प्रशासन ने लोगों से आफ्टरशॉक के खतरे को देखते हुए खुले स्थानों पर रहने की अपील की है. साथ ही सड़कों को खाली रखने और बच्चों व बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने को कहा गया है.

कई देशों में सुनामी अलर्ट

भूकंप के बाद वेनेजुएला, अरूबा और बोनेयर के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया है. वहीं प्यूर्टो रिको और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के लिए भी चेतावनी जारी की गई है. राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो