नई दिल्ली: ईरान में विरोध प्रदर्शनों और राष्ट्रीय इंटरनेट बंद के बीच एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने Starlink सैटेलाइट इंटरनेट सेवा मुफ्त उपलब्ध कराने की घोषणा की है. अमेरिकी संगठन Holistic Resilience के कार्यकारी निदेशक अहमद अहमादियन के अनुसार, SpaceX ने सब्सक्रिप्शन शुल्क माफ कर दिया है, जिससे मौजूदा रिसीवर वाले ईरानियों को बिना किसी लागत के इंटरनेट तक पहुंच मिल रही है. Starlink के अंदरूनी संचालन से परिचित एक स्रोत ने भी इस खबर की पुष्टि की है, हालांकि SpaceX ने इस बारे में कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है.
विशेषज्ञों का कहना है कि Starlink का तेजी से संकट प्रभावित क्षेत्रों में फैलना न केवल एलन मस्क बल्कि अमेरिकी सरकार के लिए भी एक सॉफ्ट पावर टूल बन गया है. यह कदम उन कई मौकों में शामिल हो गया है जब मस्क ने संकट या युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में Starlink को सक्रिय किया है.
Starlink का बढ़ता उपयोग संकटग्रस्त क्षेत्रों में दिखाता है कि यह नेटवर्क कितनी तेजी से प्रभावशाली टूल बन गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलेआम ईरानियों से प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह किया और Starlink के माध्यम से संचार बहाल करने के महत्व पर जोर दिया. मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि मै एलन बात करूंगा, क्योकि वो अच्छे आदमी हैं. वह इस तरह की चीजों में बहुत अच्छे हैं. उनके पास बहुत अच्छी कंपनी है, तो हम उनसे बात कर सकते हैं. दरअसल, मैं आपसे बात खत्म होते ही उन्हें कॉल करने वाला हूं.
इससे पहले, Starlink यूक्रेन में रूसी आक्रमण के दौरान नागरिकों और सैन्य बलों के लिए जीवनरेखा साबित हो चुका है. इसी तरह इस साल की शुरुआत में वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाइयों के बाद Starlink ने सीमित अवधि के लिए मुफ्त ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान की थी.
ईरान में पिछले सप्ताह विरोध प्रदर्शनों में तेजी आई है, जिसमें लाखों लोग सर्वोच्च नेता आयतोल्लाह अली खामनेई के पदत्याग की मांग कर रहे हैं. मानवाधिकार समूहों का कहना है कि दो हफ्ते से ज्यादा समय तक चल रही हिंसा में मृतकों की संख्या हजारों में हो सकती है. वैश्विक इंटरनेट मॉनिटरिंग संस्था NetBlocks ने रिपोर्ट किया कि पांचवें दिन भी देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट जारी है, जिससे लाखों लोग ऑनलाइन संपर्क से कट गए हैं.
हालांकि ईरान में Starlink रिसीवर अवैध हैं, फिर भी हजारों इकाइयां स्मगल की गई हैं. अहमादियन का अनुमान है कि वर्तमान में 50,000 से अधिक यूनिट ईरान में सक्रिय या उपलब्ध हैं. हालांकि, इन्हें इस्तेमाल करना खतरनाक भी है. ईरानी सेना ने सैटेलाइट सिग्नल को जाम करने और उपकरण उपयोगकर्ताओं की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए हैं.
ईरान में दिसंबर के अंत से देशव्यापी विरोध जारी है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं विभाजित हैं, कुछ सरकारें इसे विदेशी उकसावे वाला कह रही हैं, जबकि अन्य ईरानी अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसक प्रतिक्रिया का आरोप लगा रही हैं. सक्रियताओं के अनुसार, राज्य के खिलाफ जारी खूनी विरोध में अब तक कम से कम 2,000 लोग मारे जा चुके हैं. वहीं, ईरानी राज्य टीवी ने बुधवार को शहीदों और सुरक्षा रक्षकों के लिए अंतिम संस्कार आयोजित करने की घोषणा की.
First Updated : Wednesday, 14 January 2026