बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर हिंदुओं पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. एक और दर्दनाक घटना सामने आई है. उत्तर बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में हिंदू समुदाय के एक जाने-माने नेता भाबेश चंद्र रॉय को उनके घर से अगवा किया गया और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई.
पुलिस के मुताबिक, भाबेश रॉय का शव गुरुवार को उनके घर से अगवा होने के कुछ घंटों बाद ही मिल गया. वह बांग्लादेश पूजा उडजापान परिषद की बिराल इकाई के उपाध्यक्ष थे और इलाके में हिंदू समुदाय के बीच काफी प्रभावशाली थे.
भाबेश की पत्नी शांतना ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे उन्हें एक फोन आया था. कॉल करने वाले ने सिर्फ यह पूछा कि क्या रॉय घर पर हैं. इसके थोड़ी देर बाद कुछ लोग उन्हें जबरदस्ती घर से उठाकर पास के गांव ले गए. वहां उन्हें बुरी तरह पीटा गया. हमलावर बाद में उन्हें एक वैन में डालकर उनके घर के बाहर फेंक गए.
परिवार वालों ने जब उन्हें घर के बाहर घायल देखा तो तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस का कहना है कि वे आरोपियों की तलाश कर रहे हैं. संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए काम चल रहा है.
बांग्लादेश में इससे पहले भी हिंदू समुदाय को निशाना बनाया गया है. शेख हसीना के शासन से हटने के बाद ऐसे हमलों की संख्या बढ़ी है. लेकिन अब तक हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है. First Updated : Saturday, 19 April 2025