अमेरिका-भारत व्यापार पर ट्रंप का हमला, 'भारत टैरिफ घटाने के लिए सहमत'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की टैरिफ नीति पर हमला करते हुए कहा कि ऊंचे शुल्कों के कारण अमेरिकी कंपनियों के लिए भारत में कारोबार करना कठिन हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत अब अपने टैरिफ में कटौती के लिए सहमत हो गया है. ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय में दिया जब अमेरिका उन देशों पर दबाव बना रहा है जो अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचे आयात शुल्क लगाते हैं.

अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की टैरिफ व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत के ऊंचे शुल्कों के कारण अमेरिकी कंपनियों के लिए वहां कारोबार करना बेहद मुश्किल हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत अब अपने टैरिफ में कटौती करने के लिए सहमत हो गया है.
आपको बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका लगातार उन देशों पर दबाव बना रहा है, जो अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचे आयात शुल्क लगाते हैं. ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही ऐसे देशों पर 'पारस्परिक टैरिफ' (Reciprocal Tariff) लागू करने जा रहा है, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान न हो.
भारत में बेचना मुश्किल: ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा, *"भारत हम पर भारी शुल्क लगाता है. आप भारत में कुछ भी नहीं बेच सकते. लेकिन अब भारत अपने शुल्कों में कटौती के लिए तैयार हो गया है, क्योंकि आखिरकार कोई उनके किए की पोल खोल रहा है." उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका को अपने व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने होंगे. ट्रंप का कहना है कि भारत जैसे देशों द्वारा लगाए गए ऊंचे टैरिफ अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचाते हैं, और इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कनाडा और मैक्सिको को मिली अस्थायी छूट
रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने कनाडा और मैक्सिको को अस्थायी छूट दी है ताकि वहां के ऑटो निर्माताओं को राहत मिल सके. लेकिन यह छूट लंबे समय तक नहीं रहने वाली, क्योंकि आने वाले समय में टैरिफ फिर से बढ़ सकता है.
दो अप्रैल से लागू होंगे पारस्परिक टैरिफ
फॉक्स बिजनेस नेटवर्क से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगाने वाले देशों पर 2 अप्रैल से पारस्परिक टैरिफ लागू होंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब ऐसे किसी भी देश को बख्शने के मूड में नहीं है, जो उसकी कंपनियों के लिए अनुचित व्यापारिक शर्तें लागू करता है.
भारत और चीन पर लगेगा पारस्परिक टैरिफ
ट्रंप ने कहा, "2 अप्रैल को हम बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं. भारत, चीन या कोई भी देश जो हम पर ऊंचे टैरिफ लगाता है, उस पर हम भी पारस्परिक टैरिफ लगाएंगे." उन्होंने यह भी बताया कि कनाडा अमेरिका के डेयरी उत्पादों पर 250% शुल्क लगाता है, जो पूरी तरह अनुचित है. ट्रंप ने कहा, "कनाडा लकड़ी जैसे उत्पादों पर भी भारी टैक्स लगाता है, लेकिन हमें उसकी जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारे पास खुद ज्यादा लकड़ी उपलब्ध है."


