आतंकी हमला या फिर कुछ और...? खड़ी बसों में सिलसिलेवार बम धमाकों से दहल उठा इजरायल

ये विस्फोट उस दिन हुए हैं जब इजरायल हमास द्वारा सीजफायर के तहत गाजा से चार बंधकों के शव लौटाए जाने के बाद शोक मना रहा है. बस विस्फोट 2000 के दशक में फिलिस्तीनी विद्रोह के दौरान हुए बम विस्फोटों की याद दिलाते हैं. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वे अपने सैन्य सचिव से अपडेट प्राप्त कर रहे हैं और घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

मध्य इजराइल गुरुवार को सिलसिलेवार बम धमाकों से दहल उठा. रिपोर्ट के अनुसार, तीन खड़ी बसों में ब्लास्ट हुआ है. इजराइल के अधिकारियों का मानना है कि यह एक आतंकी हमला था. हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. इज़राइली पुलिस ने एक बयान में कहा कि गुरुवार शाम को केंद्रीय शहर बट याम में कई बसों में विस्फोट हुए, जिसे उन्होंने "संदिग्ध आतंकवादी हमला" बताया,इसमें कोई हताहत नहीं हुआ.

की गई यह अपील

पुलिस ने कहा कि बम स्क्वाड दस्ता संदिग्ध सामानों की जांच कर रहा है तथा जनता से अपील की गई  है कि हमले वाले इलाके में जाने से बचें और संदिग्ध वस्तु नजर आने पर तुरंत सूचित करें. उल्लेखनीय है कि ये विस्फोट उस दिन हुए हैं जब इजरायल हमास द्वारा सीजफायर के तहत गाजा से चार बंधकों के शव लौटाए जाने के बाद शोक मना रहा है. बस विस्फोट 2000 के दशक में फिलिस्तीनी विद्रोह के दौरान हुए बम विस्फोटों की याद दिलाते हैं. 

पुलिस प्रवक्ता असी अहरोनी ने बताया कि दो अन्य बसों में विस्फोटक पाए गए, लेकिन उनमें विस्फोट नहीं हुआ. इजरायली पुलिस ने कहा कि पांचों बम एक जैसे थे और उनमें टाइमर लगे थे. उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ते बमों को निष्क्रिय कर रहे हैं. सफेद कवरॉल पहने जांचकर्ताओं ने बसों के जले हुए धातु के आवरणों के अंदर साक्ष्य की खोज की, जो तेल अवीव के बाहरी शहर बाट याम के एक पार्किंग स्थल में विस्फोटित हो गए थे.

ये चमत्कार ही था कि किसी को चोट नहीं आई

शहर के मेयर त्ज़्विका ब्रॉट ने कहा कि यह चमत्कार ही था कि किसी को चोट नहीं आई. उन्होंने कहा कि बसें अपनी यात्रा पूरी करने के बाद खड़ी कर दी गई थीं. बस कंपनी के प्रमुख ने कहा कि उन्होंने तुरंत सभी बस चालकों को बस रोकने और 'पूरी तरह से निरीक्षण' करने का आदेश दिया. ओफिर करनी ने कहा कि सुरक्षित पाए जाने के बाद उन्होंने अपने रूट फिर से शुरू कर दिए.

पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने मांगी जानकारी

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वे अपने सैन्य सचिव से अपडेट प्राप्त कर रहे हैं और घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं. पुलिस ने कहा कि शिन बेट आंतरिक सुरक्षा एजेंसी जांच का जिम्मा संभाल रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag