जिनपिंग का शाही मीटिंग हॉल देख मार्को रुबियो की खुली रह गई आंखें, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल की शानदार भव्यता देखकर मार्को रुबियो बार-बार थम्ब्स-अप देते नजर आए, वहीं एलन मस्क पूरे नजारे को अपने फोन में कैद करते दिखे.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दो दिवसीय चीन दौरे पर बीजिंग पहुंचे, जहां उनका भव्य और हाई-प्रोफाइल स्वागत किया गया. इस खास दौरे में ट्रंप के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और अरबपति कारोबारी एलन मस्क भी शामिल रहे. दौरे से जुड़े कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

बीजिंग पहुंचने पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ट्रंप का औपचारिक स्वागत किया. ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल के बाहर आयोजित समारोह के बाद दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस दौरान दुनिया की दो बड़ी शक्तियों के रिश्तों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा केंद्र में रही.

ग्रेट हॉल की भव्यता देख रुबियो हुए उत्साहित

चीन दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है. वीडियो में रुबियो मीटिंग हॉल के अंदर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. वह बार-बार थम्ब्स-अप दिखाते दिखाई दिए और अमेरिका के रक्षा मंत्री के साथ हॉल की विशाल छत की ओर इशारा करते भी नजर आए. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल की भव्य और विशाल छत ने उन्हें काफी प्रभावित किया.

एलन मस्क का VIDEO भी चर्चा में

अरबपति कारोबारी एलन मस्क का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मस्क दुनिया के बड़े नेताओं और सीईओ के बीच खड़े होकर अपने फोन से आसपास का वीडियो रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और चीन की भव्य तैयारियों की जमकर चर्चा कर रहे हैं.

ट्रंप और जिनपिंग ने की एक-दूसरे की तारीफ

हाई-स्टेक समिट के दौरान डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग ने शुरुआती संबोधन में एक-दूसरे की खुलकर तारीफ की. शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया एक नए मोड़ पर खड़ी है और चीन व अमेरिका को प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार बनकर काम करना चाहिए. वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग को महान नेता बताया और कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्ते आने वाले समय में पहले से ज्यादा मजबूत और बेहतर होंगे.

वैश्विक नजरें इस बैठक पर टिकीं

ट्रंप के इस चीन दौरे को वैश्विक राजनीति और व्यापार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. अमेरिका और चीन के बीच जारी रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच यह बैठक दोनों देशों के संबंधों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस हाई-प्रोफाइल समिट से वैश्विक राजनीति, व्यापार और कूटनीतिक रिश्तों पर बड़ा असर पड़ सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो