PoK में 600 से ज्यादा गिरफ्तारियों के बाद भड़का गुस्सा, JAAC ने भारत से मांगी मदद
JAAC के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर की नजरबंदी के बाद पूरे PoK में विरोध शुरू हो गया। JAAC ने कहा, "गुलाम उनके नियंत्रण में हैं। शाह कैद में हैं।"

नई दिल्ली: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सरकार की सख्त कार्रवाई के तहत 600 से ज्यादा नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद वहां पाकिस्तान-विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए हैं। वहीं 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' यानी JAAC ने इस्लामाबाद को खुली चुनौती दे दी है और भारत से मदद की अपील भी की है।
गिरफ्तारियों से भड़का आंदोलन
JAAC के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर की नजरबंदी के बाद पूरे PoK में विरोध शुरू हो गया। JAAC ने कहा, "गुलाम उनके नियंत्रण में हैं। शाह कैद में हैं।" JAAC के मुख्य सदस्य सरदार अमन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में वो PoK में राशन, दवाओं और बाकी जरूरी चीजों की भारी कमी की बात कर रहे हैं। अमन खान ने मेंढर, पुंछ, राजौरी, डोडा और कश्मीर घाटी के लोगों से अपील की। उन्होंने कहा, "इस तरफ राशन की कमी है, दवाओं की कमी है। हमें आपकी मदद चाहिए।"
LoC खत्म करने और आगे बढ़ने की मांग
JAAC नेताओं ने साफ कहा कि वो अब सीजफायर लाइन को खत्म करना चाहते हैं। अमन खान ने भीड़ से पूछा, "क्या हमें LoC की तरफ बढ़ना चाहिए या नहीं?" इस पर वहां मौजूद लोग जोर से चिल्लाए, "हां!"
उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक बातचीत के लिए रास्ते खुले रखे गए हैं तो दूसरी तरफ के लोग भी आगे आएं। उनका मकसद पाकिस्तान के नियंत्रण से बाहर निकलना है।
पाकिस्तान को दी चेतावनी
अमन खान ने पाकिस्तानी अधिकारियों की मनमानी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोग इस्लामाबाद की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "अगर आप सोचते हैं कि हम कमजोर हैं और फंस गए हैं, तो ये आपकी गलतफहमी है। खुदा ने चाहा तो हम आपको रास्ते दिखाएंगे।"
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कश्मीरी जज्बे के जवाब में गोलियां चलाई गईं तो उनके पास भी विकल्प हैं। "कल शिकायत मत करना कि आपको बुरा लगा।" खान ने आगे कहा, "हम आपके मिजाज के हिसाब से चलने वाले लोग नहीं हैं। आप वफादारी दिखाएंगे तो हम भी दिखाएंगे। आप क्रूरता दिखाएंगे तो हम भी क्रूरता दिखाएंगे। हम भी इंसान हैं।"
पूरे इलाके से की अपील
कल जारी एक और वीडियो में अमन खान ने श्रीनगर, बारामूला, पुंछ, मेंढर, राजौरी, जम्मू, लद्दाख, करगिल और गिलगित-बाल्टिस्तान के लोगों से बात की। उन्होंने कहा कि PoK को पिछले एक महीने से ज्यादा समय से दबाव और जुल्म झेलना पड़ रहा है।
JAAC का कहना है कि जब तक लोगों की मांगें नहीं मानी जातीं, विरोध जारी रहेगा। PoK में बढ़ते विरोध और भारत से मदद की मांग ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।


