RSS नेता के बयान पर पाकिस्तान में हलचल, पाक विदेश मंत्रालय ने दी प्रतिक्रिया

RSS नेता दत्तात्रेय होसबले के भारत-पाक बातचीत वाले बयान पर पाकिस्तान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. इस्लामाबाद ने इसे शांति की दिशा में अहम संकेत बताते हुए भारत में ऐसी और आवाजों के उभरने की उम्मीद जताई है.

Shraddha Mishra

इस्लामाबाद: भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक ऐसा बयान सामने आया है जिसने दोनों देशों के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता दत्तात्रेय होसबले द्वारा पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रखने की बात कहने के बाद पाकिस्तान ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. इस्लामाबाद ने इसे एक अच्छा संकेत बताया है और उम्मीद जताई है कि भारत में शांति और संवाद की वकालत करने वाली ऐसी और आवाजें सामने आएंगी.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान RSS नेता दत्तात्रेय होसबले के बयान का जिक्र किया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि भारत के भीतर से बातचीत का समर्थन करने वाली आवाजें सामने आना एक सकारात्मक संकेत माना जाना चाहिए. दरअसल, RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने हाल ही में कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की संभावना हमेशा बनी रहनी चाहिए. उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और संवाद बढ़ाने की भी बात कही थी.

क्यों अहम माना जा रहा है होसबले का बयान?

होसबले का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि RSS को भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक मार्गदर्शक संगठन माना जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी से RSS के करीबी संबंधों को देखते हुए पाकिस्तान इस बयान को गंभीरता से देख रहा है.

पाकिस्तानी प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में जिस तरह का तनाव और आक्रामक माहौल बना हुआ है, उसे खत्म करने के लिए बातचीत जरूरी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत में ऐसे और लोग सामने आएंगे जो शांति और समझदारी की बात करेंगे.

‘इंतजार करो और देखो’ की नीति पर पाकिस्तान

हालांकि पाकिस्तान ने इस बयान का स्वागत जरूर किया है, लेकिन उसने साफ किया है कि वह फिलहाल किसी जल्दबाजी में कदम नहीं उठाना चाहता. इस्लामाबाद अब भारत सरकार की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है. ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान अभी “वेट एंड वॉच” यानी इंतजार करो और देखो की नीति पर काम कर रहा है. उनका कहना था कि जब तक भारत सरकार की ओर से औपचारिक संकेत नहीं मिलता, तब तक किसी बड़े बदलाव की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी.

बैक-चैनल बातचीत पर भी उठे सवाल

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जब भारत और पाकिस्तान के बीच कथित बैक-चैनल संपर्क को लेकर सवाल पूछा गया, तो पाकिस्तानी प्रवक्ता ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि उनके पास ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि अगर वह इस पर खुलकर टिप्पणी करेंगे, तो फिर वह बैक-चैनल बातचीत नहीं रह जाएगी. उनके इस बयान के बाद अटकलों का दौर और तेज हो गया है कि दोनों देशों के बीच पर्दे के पीछे कुछ स्तर पर संपर्क हो सकता है.

अमेरिका-ईरान मुद्दे पर भी पाकिस्तान का बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच जारी मध्यस्थता प्रक्रिया पर भी पाकिस्तान ने अपनी प्रतिक्रिया दी. ताहिर अंद्राबी ने कहा कि बातचीत और शांति प्रक्रिया अभी जारी है और पाकिस्तान को उम्मीद है कि क्षेत्र में स्थिरता बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमेशा से मानता रहा है कि किसी भी क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता के लिए ईमानदार बातचीत बेहद जरूरी होती है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो