पाकिस्तान ने नूर खान एयरबेस की मरम्मत शुरू की, भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में किया था तबाह, सामने आई तस्वीर

भारतीय वायुसेना ने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस को निशाना बनाया, जिससे बेस के महत्वपूर्ण ढांचे और रनवे को नुकसान पहुंचा. अब पाक सेना सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार, एयरबेस की मरम्मत में जुटी है और इसकी परिचालन क्षमता को फिर से बहाल करने की कोशिश कर रही है.

Simran Sachdeva

Nur Khan Airbase: भारतीय वायुसेना ने मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को सटीक और निर्णायक हमला कर मुंहतोड़ जवाब दिया था. इस ऑपरेशन में वायुसेना ने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नूरखान एयरबेस भी शामिल था. इस हमले के बाद पाकिस्तान इस एयरबेस को फिर से तैयार करने में जुट गया है. मीडिया रिपोर्ट और मैक्सार टेक्नोलॉजी की सैटेलाइट तस्वीरें इस बात की पुष्टि करती हैं कि पाक सरकार बेस को दोबारा ऑपरेशनल बनाने की कवायद में लगी है.

नूरखान एयरबेस इस्लामाबाद से महज 25 किलोमीटर दूर स्थित है और पाकिस्तान के लिए रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है. ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी थी क्योंकि भारतीय वायुसेना ने वहां मौजूद महत्वपूर्ण सैन्य ढांचों और उपकरणों को निशाना बनाया था.

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाही का मंजर

ऑपरेशन सिंदूर के बाद जारी तस्वीरों में देखा गया कि नूरखान एयरबेस के रनवे पर गड्ढे हो गए थे और कैंपस का बड़ा हिस्सा ढह चुका था. एयरबेस पर रखे विमान और हथियार भी नुकसान झेल चुके थे. भारतीय वायुसेना ने यहां पर मिसाइल और ड्रोन से अटैक किया, हालांकि ये स्पष्ट नहीं हुआ कि कौन-सी मिसाइल का इस्तेमाल हुआ.

ब्रह्मोस और स्कैल्प मिसाइलों से हमला

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइलें भारतीय वायुसेना के सुखोई-30 लड़ाकू विमानों से लॉन्च की गईं, जबकि स्कैल्प मिसाइलें राफेल विमानों के जरिए दागी गईं. इस हमले में पाकिस्तान के रणनीतिक ढांचे पूरी तरह प्रभावित हुए और बेस की परिचालन क्षमता क्षणिक तौर पर बाधित हो गई.

ऑपरेशन सिंदूर का मकसद: पहलगाम हमले का जवाब

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को फरवरी 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में लॉन्च किया था. इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के अंदर स्थित 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया. पाकिस्तानी सेना ने जवाबी हमलों की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना ने उसकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया.

नूरखान एयरबेस की मरम्मत में पाक सेना

मैक्सार टेक्नोलॉजी की ताजा सैटेलाइट इमेज में देखा गया कि पाकिस्तान ने नूरखान एयरबेस पर मरम्मत शुरू कर दी है. बेस के महत्वपूर्ण ढांचे और रनवे को फिर से तैयार किया जा रहा है. इससे साफ है कि पाकिस्तान एयरबेस की परिचालन क्षमता को जल्द बहाल करना चाहता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो