सेशेल्स में PM मोदी को मिला गार्ड ऑफ ऑनर, राष्ट्रपति हर्मिनी संग की बैठक, आज संसद को करेंगे संबोधित

सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी और पूरे राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया है. इस दौरान स्टेट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया हैं.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर सेशेल्स में हैं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. बता दें, रविवार को राजधानी विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हुई, जिसमें दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने पर चर्चा की गई है. 

इन मुद्दों को लेकर हो सकते हैं समझौते

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के गोल्डन जुबिली नेशनल डे समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं. खास बात है कि इस यात्रा को भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, कोस्ट गार्ड, समुद्री निगरानी और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी सहमति बन सकती है.

नेशनल असेंबली को भी करेंगे सबोधित 

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे. इसके साथ ही वह दुनिया के पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन जाएंगे, जिन्होंने 20 देशों की संसद या राष्ट्रीय विधानसभा को संबोधित करने का गौरव हासिल किया है. उनके कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात और कई आधिकारिक समारोहों में भाग लेना भी शामिल है.

शनिवार को पहुंचे थे सेशेल्स 

बता दें, प्रधानमंत्री शनिवार को सेशेल्स पहुंचे थे. इस दौरान राजधानी विक्टोरिया में राष्ट्रपति हर्मिनी ने उनका स्वागत किया और दोनों नेताओं ने मिलकर नेशनल बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया. इतना ही नहीं भारत-सेशेल्स की मित्रता के प्रतीक के रूप में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्वारा एक पौधा भी लगाया.

सेशेल्स को दिए गए ये उपहार 

दौरे के पहले दिन भारत ने सेशेल्स को कई अहम उपहार भी सौंपे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति हर्मिनी को तेज गश्ती पोत 'लेस्पवार' भेंट किया, जिसका क्रियोल भाषा में अर्थ 'उम्मीद' होता है. इसके अलावा भारत ने 10 उपयोगी वाहन, पांच लेजर रेडियल नौकाएं और छह एंबुलेंस भी सेशेल्स को प्रदान की हैं. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन संसाधनों से सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और रक्षा क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी. इस दौरे से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए आयाम खुलने की उम्मीद जताई जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो