डोनाल्ड ट्रंप का नया पैंतरा! कंधों पर दुनिया का बोझ उठाए शेयर करी खुद की AI फोटो, इंटरनेट पर मचा बवाल
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक ऐसी डिजिटल छवि साझा की है. जिसने न केवल उनके समर्थकों, बल्कि दुनिया भर के राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान आकर्षित किया है.

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपनी एक बेहद अनूठी और AI-जनरेटेड तस्वीर को लेकर सुर्खियों में हैं. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक ऐसी डिजिटल छवि साझा की है. जिसने न केवल उनके समर्थकों, बल्कि दुनिया भर के राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान आकर्षित किया है. इस वायरल तस्वीर में ट्रंप ग्रीक पौराणिक कथाओं के प्रसिद्ध पात्र 'एटलस' की भूमिका में नजर आ रहे हैं.
क्या है इस खास तस्वीर में?
डोनाल्ड ट्रंप ने एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें वह घुटने के बल बैठे हुए हैं और पूरी पृथ्वी को अपने कंधों पर उठा रखा है. उनके शरीर पर अमेरिकी झंडा लिपटा हुआ है. इस तस्वीर के साथ उन्होंने कोई कैप्शन नहीं लिखा है, जिससे लोगों ने अपने अपने तरीके से इसका अर्थ निकालना शुरू कर दिया है.
एटलस कौन था?
एटलस एक प्राचीन देवता था जिसे देवताओं के खिलाफ एक युद्ध में हारने के बाद दंड स्वरूप ब्रह्मांड और आकाश का पूरा भार अपने कंधों पर उठाने की सजा मिली थी. आजकल 'एटलस' शब्द का उपयोग किसी बड़ी जिम्मेदारी या संकट को संभालने के प्रतीक के रूप में किया जाता है.
लार्जर दैन लाइफ ब्रांडिंग
ट्रंप के समर्थकों का मानना है कि यह तस्वीर दुनिया के सामने उनकी ताकत और नेतृत्व क्षमता को दिखाने का एक तरीका है. वे कहते हैं कि ट्रंप खुद को एक ऐसे राजनेता के रूप में पेश कर रहे हैं जो वैश्विक संकटों के दौर में पूरी दुनिया का भार अकेले संभालने में सक्षम है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ट्रंप हमेशा से अपनी एक असाधारण और 'लार्जर दैन लाइफ' छवि बनाने के शौकीन रहे हैं. आधुनिक AI तकनीक ने उनके इस विजुअल नैरेटिव को और आसान बना दिया है.
आलोचकों का निशाना
उनके विरोधी और कई इंटरनेट यूजर्स इसे अहंकार का प्रतीक मानते हैं. उन्हें लगता है कि ट्रंप अपनी इस तस्वीर के जरिए अपनी ताकत और महत्व को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं. यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने अपनी कोई काल्पनिक या AI-मॉडिफाइड फोटो शेयर की हो. इससे पहले भी वे खुद को सुपरहीरो या ऐतिहासिक योद्धाओं के रूप में दिखा चुके हैं. व्हाइट हाउस या ट्रंप की टीम की ओर से इस तस्वीर पर कोई बयान नहीं आया है, जिससे इसके अर्थ को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है. लोग अपने अपने तरीके से इसका अर्थ निकाल रहे हैं और अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं.


