अब कोई भी अमेरिकी दूत नहीं जाएगा पाकिस्तान! क्या ट्रंप ने शांति वार्ता को खत्म करने का दिया आदेश?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैंने अभी अपने लोगों से कहा - वे जाने की तैयारी कर रहे थे - मैंने कहा, 'नहीं, तुम 18 घंटे की उड़ान भरकर वहां नहीं जाओगे। सारे पत्ते हमारे हाथ में हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए पाकिस्तान जाने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा रद्द कर दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध में सारे पत्ते अमेरिका के हाथ में हैं, इसलिए 18 घंटे की लंबी उड़ान भरना बेकार है।

ट्रंप ने जारी किया नया आदेश 

फॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए 79 साल के रिपब्लिकन नेता और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैंने अभी अपने लोगों से कहा - वे जाने की तैयारी कर रहे थे - मैंने कहा, 'नहीं, तुम 18 घंटे की उड़ान भरकर वहां नहीं जाओगे। सारे पत्ते हमारे हाथ में हैं। जब चाहें हमें फोन कर सकते हैं, लेकिन तुम अब 18 घंटे उड़ान भरकर बेकार की बातें करने नहीं बैठोगे।”

US-राष्ट्रपति ने ईरान का उड़ाया मजाक! 

आपको बताते चलें कि इसके कुछ मिनट बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट कर ईरानी नेतृत्व पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि ईरान में किसी को नहीं पता “वहां कौन सत्ता में है, खुद उन्हें भी नहीं।”

ट्रंप ने लिखा, “मैंने अभी ईरानियों से मिलने इस्लामाबाद जा रहे अपने प्रतिनिधियों की यात्रा रद्द कर दी है। यात्रा में बहुत समय बर्बाद होता है, बहुत काम है! उनके 'नेतृत्व' के भीतर जबरदस्त आपसी कलह और भ्रम है। किसी को नहीं पता कौन सत्ता में है, खुद उन्हें भी नहीं। साथ ही, सारे पत्ते हमारे हाथ में हैं, उनके पास कुछ नहीं! अगर बात करना चाहते हैं, तो बस फोन करना होगा।”

ईरानी विदेश मंत्री के जाने के बाद लिया फैसला 

डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख असीम मुनीर से मुलाकात कर देश छोड़ने के कुछ घंटे बाद आया। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका की “अधिकतमवादी मांगों” को नहीं मानेगा।

ईरान बार-बार अमेरिका पर भरोसा करने को लेकर शक जता चुका है। उसका कहना है कि पिछले साल और इस साल की शुरुआत में परमाणु कार्यक्रम पर हुई बातचीत का अंत अमेरिका और इज़रायल के हमले से हुआ था। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच अनिश्चितकालीन सीज़फ़ायर लागू है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो