इटली पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, मेलोनी से करेंगे मुलाकात, भारत-इटली रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में रोम पहुंच गए हैं, जहां उनकी मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से होगी. इस दौरे में कई अहम रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होने वाली है.

Shraddha Mishra

रोम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के आखिरी पड़ाव पर इटली की राजधानी रोम पहुंच चुके हैं. रोम पहुंचते ही पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ और एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने उनका अभिनंदन किया. इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि इस दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर कई अहम चर्चाएं होंगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने रोम पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा भारत और इटली के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर केंद्रित रहेगी. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच चल रही संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की समीक्षा भी की जाएगी.

इस दौरान भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा यानी IMEC भी चर्चा का प्रमुख विषय रहेगा. यह परियोजना भारत को यूरोप और मध्य पूर्व से जोड़ने वाली एक बड़ी आर्थिक पहल मानी जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे व्यापार और कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिल सकता है.

वहीं, प्रधानमंत्री मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “मित्र” बताया. उन्होंने दोनों नेताओं की पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!"

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मेलोनी से होगी अहम मुलाकात

रोम दौरे के दौरान पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे. इन बैठकों में रक्षा सहयोग, ऊर्जा, निवेश, विज्ञान और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी पहले भी जी7 सम्मेलन में शामिल होने के लिए इटली जा चुके हैं, लेकिन यह उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है. इसलिए इस दौरे को कूटनीतिक नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ स्वागत

रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की. होटल के बाहर बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग उनके स्वागत के लिए पहुंचे थे. पीएम मोदी ने लोगों से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. इस दौरान उन्हें वाराणसी के घाटों की सुंदर पेंटिंग भेंट की गई, जिसे उन्होंने काफी ध्यान से देखा. भारतीय समुदाय के लोगों में प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया.

प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में रोम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. यहां भारतीय और इटैलियन कला का मिश्रण देखने को मिला. शास्त्रीय नृत्य, संगीत और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों ने माहौल को खास बना दिया. पीएम मोदी ने कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की सराहना भी की. यह सांस्कृतिक जुड़ाव दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ती नजदीकियों का संकेत माना जा रहा है.

व्यापार और निवेश पर रहेगा खास फोकस

भारत और इटली के बीच पिछले कुछ वर्षों में व्यापार तेजी से बढ़ा है. दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंध लगातार मजबूत हुए हैं. हाल के आंकड़ों के मुताबिक, द्विपक्षीय व्यापार 16 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच चुका है. इसके अलावा इटली की कई कंपनियां भारत में निवेश बढ़ाने में दिलचस्पी दिखा रही हैं. वहीं भारत भी यूरोप में अपनी आर्थिक पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है. ऐसे में यह यात्रा आर्थिक सहयोग के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो