कनाडा के सबसे बड़े लैटिन स्ट्रीट फेस्टिवल में हुई गोलीबारी, 2 की मौत, 6 घायल; हमलावर अब भी फरार

कनाडा के सबसे बड़े लैटिन स्ट्रीट फेस्टिवल में हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. घटना में दो लोगों की जान चली गई और 6 लोग घायल हुए हैं. वहीं संदिग्ध अभी भी फरार बताया जा रहा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: कनाडा के टोरंटो शहर में खुशियों और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लोकप्रिय स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं. कुछ ही पलों में जश्न का माहौल दहशत में बदल गया. इस गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया और संदिग्ध की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया है.

टोरंटो पुलिस के अनुसार, स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू इलाके से सक्रिय शूटर होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं. वहां पहुंचने पर अधिकारियों ने कई लोगों को गोली लगने से घायल पाया, जबकि दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

संदिग्ध अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध उनके पहुंचने से पहले ही वहां से निकल चुका था. फिलहाल उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. जांच एजेंसियां इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके.

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और फेस्टिवल में पहुंचे नागरिकों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक उस इलाके में जाने से बचें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.

फेस्टिवल के दौरान हुआ हमला

यह घटना 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' नाम के वार्षिक लैटिन स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई. यह टोरंटो के सबसे लोकप्रिय सांस्कृतिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में लोग संगीत, नृत्य और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने पहुंचते हैं.

इस वर्ष इस फेस्टिवल का 22वां आयोजन किया जा रहा था. कार्यक्रम सेंट क्लेयर एवेन्यू पर आयोजित था, जो शहर का व्यस्त इलाका है और जहां बड़ी संख्या में दुकानें, रेस्तरां और मनोरंजन स्थल मौजूद हैं. इसी दौरान हुई गोलीबारी ने पूरे आयोजन को प्रभावित कर दिया और लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो