पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बॉर्डर पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. पाकिस्तान ने 26 फरवरी को 'ऑपरेशन गजब लिल-हक' शुरू किया था, जिसके तहत सुरक्षा बलों ने अफगान तालिबान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में अब तक 583 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया गया है, जबकि 795 से अधिक घायल हुए हैं. यह ऑपरेशन अफगान तालिबान द्वारा सीमा पर 53 अलग-अलग स्थानों पर हमलों के जवाब में शुरू किया गया था.
पाकिस्तान का कहना है कि यह सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सीमा पार से आतंकवाद का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता. सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर इस ऑपरेशन का ताजा अपडेट साझा किया है, जिसमें तालिबान को हुए भारी नुकसान की जानकारी दी गई है.
पाकिस्तानी सेना ने ऑपरेशन के दौरान तालिबान की 242 चेक पोस्टों को पूरी तरह तबाह करने का दावा किया है. इसके अलावा 38 अन्य पोस्टों पर कब्जा करने के बाद उन्हें भी नष्ट कर दिया गया. तरार ने बताया कि तालिबान के 213 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपें भी नष्ट की गई हैं. साथ ही अफगानिस्तान के 64 ठिकानों को हवाई हमलों से प्रभावी रूप से निशाना बनाया गया है.
इस बीच चमन सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के तीन आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक विफल कर दिया. गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया, जबकि दो अन्य घायल होकर भाग निकले. मारे गए आतंकी के पास से आईईडी विस्फोटक और कटीली तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं. First Updated : Monday, 09 March 2026