स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने भारतीय टैंकर को भेजा वापस, ट्रंप ने कहा "युद्धविराम खत्म"

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. ईरान ने ओमान कॉरिडोर से गुजर रहे एक भारतीय तेल टैंकर को रोककर वापस लौटा दिया है. वहीं तनाव के बीच तुर्की की राजधानी अंकारा में NATO समिट के दौरान पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है युद्धविराम खत्म हो गया है.

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. ईरान ने ओमान कॉरिडोर से गुजर रहे एक भारतीय तेल टैंकर को रोककर वापस लौटा दिया है. ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, टैंकर होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ईरानी सेना ने इसका विरोध किया और जहाज को लौटने का आदेश दिया. बता दें, पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में तनाव लगातार बढ़ रहा है. वहीं अमेरिका और ईरान के बीच हुए ताजा हमलों के बाद शिपिंग रूट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. 

ओमान कॉरिडोर पर ईरान का विरोध

24 जून को ओमान और संयुक्त राष्ट्र की इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन ने ओमान के तट के पास एक अस्थायी कॉरिडोर बनाया था. इसका मकसद खाड़ी में फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालना था और इसकी निगरानी अमेरिका कर रहा है. लेकिन ईरान ने इस कॉरिडोर को मान्यता नहीं दी. फार्स के अनुसार ईरान का इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC रेडियो पर उन जहाजों को चेतावनी दे रहा है जो ओमान कॉरिडोर इस्तेमाल कर रहे हैं. IRGC का कहना है कि जहाज ईरान द्वारा तय किए गए रूट से ही गुजरें। ट्रैकिंग डेटा बताता है कि बुधवार सुबह होर्मुज से गुजरने वाले सभी जहाजों ने ईरान वाला कॉरिडोर ही इस्तेमाल किया.

भारत आ रहा LNG टैंकर भी बना निशाना

मंगलवार को कतर से LNG लेकर भारत के गुजरात आ रहे एक जहाज पर होर्मुज में ड्रोन हमला हुआ. इस दौरान जहाज पर 29 लोग सवार थे, जिनमें 4 भारतीय भी शामिल थे. हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, लेकिन सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. इसी दिन सऊदी अरब के एक टैंकर पर भी हमला हुआ. सऊदी की शिपिंग कंपनी बहरी ने बताया कि जहाज और कार्गो दोनों सुरक्षित हैं और जहाज चलने की स्थिति में है.

अमेरिका का जवाबी हमला

इन हमलों के जवाब में अमेरिकी सेंट्रल कमांड CENTCOM ने ईरान में 80 से ज्यादा ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की. निशाने पर ईरान के एयर डिफेंस, कमांड नेटवर्क, तटीय रडार और एंटी-शिप मिसाइल सिस्टम थे. CENTCOM के मुताबिक इस कार्रवाई में IRGC की 60 से ज्यादा तेज हमला करने वाली नावें भी तबाह हुईं। अमेरिका का कहना है कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य होर्मुज जैसे अहम व्यापारिक रास्ते पर जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था. इसके बाद ईरान ने बुधवार को कुवैत और बहरीन पर हमले किए.

ट्रंप का बयान: "युद्धविराम खत्म"

तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने आग में घी डाल दिया. तुर्की की राजधानी अंकारा में NATO समिट के दौरान पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है युद्धविराम खत्म हो गया है. मैं अब उनसे कोई लेना-देना नहीं रखना चाहता, वे घटिया और बीमार मानसिकता वाले लोग हैं." उन्होंने आगे कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता तो वे उसका इस्तेमाल जरूर करते. फिलहाल होर्मुज में स्थिति नाजुक बनी हुई है और सभी देशों की नजरें इस रूट पर टिकी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो