अमेरिका में दर्दनाक हादसा, आग से बचने की कोशिश बनी मौत की वजह, खत्म हुआ गुजराती परिवार
अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के वॉर्सेस्टर शहर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जानकारी के अनुसार, तीनों वॉर्सेस्टर के इकोनो लॉज होटल में ठहरे हुए थे. इसी दौरान होटल में अचानक आग लग गई.

नई दिल्ली: अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के वॉर्सेस्टर शहर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. बता दें, यहां एक होटल में लगी आग के कारण गुजरात के नाडियाड के एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई है. वहीं मृतकों की पहचान हितेश सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन और 20 वर्षीय बेटी ईशानी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि यह परिवार पिछले करीब दो साल से अमेरिका में रह रहा था. लेकिन किसी ने सोचा था कि बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर विदेश गए इस परिवार के साथ ऐसा दर्दनाक हादसा होगा. कैसे और कब हुई ये घटना चलिए जानते है.
आग से बचने के लिए बाथरूम में छिपा परिवार
जानकारी के अनुसार, तीनों वॉर्सेस्टर के इकोनो लॉज होटल में ठहरे हुए थे. इसी दौरान होटल में अचानक आग लग गई. वहीं देखते ही देखते पूरे इलाके में धुआं फैल गया और जान बचाने की कोशिश में परिवार के तीनों सदस्य होटल के बाथरूम में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. शायद उन्हें लगा कि वहां वे सुरक्षित रहेंगे, लेकिन यही फैसला उनके लिए जानलेवा साबित हुआ.
कैसे हुई परिजनों की मौत
जब तक दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पातीं, तब तक बाथरूम में धुआं भर चुका था. काफी देर बाद जब बचाव दल अंदर पहुंचा तो तीनों बेहोश मिले, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत आग से झुलसने के बजाय धुएं में दम घुटने की वजह से हुई.
घटना की खबर जैसे ही गुजरात के नाडियाड पहुंची, परिवार और परिचितों में मातम का माहौल पसर गया, जिन लोगों ने बेहतर जिंदगी के सपने के साथ विदेश का रुख किया था, उनकी इस तरह मौत की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया.
आग लगने के कारणों का लगाया का रहा पता
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटे हैं. जांच की जा रही है कि आग कैसे लगी और होटल में सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं. यह हादसा एक बार फिर बताता है कि आग जैसी आपात स्थिति में सही समय पर बाहर निकलना और सुरक्षा नियमों की जानकारी कितनी जरूरी होती है. वहीं, सुथार परिवार को जानने वाले लोग इस दुखद घटना से अब भी सदमे में हैं.


