ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी, बढ़ते तनाव के बीच मध्य पूर्व में फिर गहराया संकट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि जल्द शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.

calender

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान और शांति की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो अमेरिका कठोर कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा. उनके इस बयान ने क्षेत्र में नए सैन्य टकराव की आशंकाओं को और बढ़ा दिया है.

ट्रंप का ईराम पर आरोप 

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किए गए एक संदेश में ईरान पर बातचीत को लंबा खींचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि तेहरान को पहले ही एक ऐसा समझौता स्वीकार कर लेना चाहिए था जो उसके हित में था, लेकिन लगातार देरी के कारण अब उसे परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान केवल बयानबाजी कर रहा है और व्यवहारिक कदम उठाने से बच रहा है.

बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने सख्त रुख अपनाया. उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका अपने हितों और सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को तैयार है. उनके बयान को क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

दूसरी ओर, ईरान ने भी घटनाक्रम के बाद अमेरिका के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों की समीक्षा करने के संकेत दिए हैं. ईरानी अधिकारियों का कहना है कि हालिया घटनाओं ने दोनों देशों के बीच भरोसे को प्रभावित किया है और भविष्य की रणनीति पर पुनर्विचार की जरूरत पैदा कर दी है.

रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने जॉर्डन, कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए. ईरान ने इन कार्रवाइयों को अपने सैन्य ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब के रूप में प्रस्तुत किया है. वहीं अमेरिका का कहना है कि उसके हमले एक अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टर को निशाना बनाए जाने की घटना के जवाब में किए गए थे.

अमेरिकी सेना के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई के दौरान ईरान की हवाई सुरक्षा प्रणालियों, निगरानी रडार और नियंत्रण केंद्रों को निशाना बनाया गया. हालांकि अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि ईरान द्वारा दागी गई अधिकांश मिसाइलों और ड्रोन को रास्ते में ही निष्क्रिय कर दिया गया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.

विश्लेषकों का क्या मानना है?  

विश्लेषकों का मानना है कि हालिया घटनाक्रम ने मध्य पूर्व में स्थिरता की संभावनाओं को झटका दिया है. कुछ समय पहले तक संघर्ष को कम करने की उम्मीद दिखाई दे रही थी, लेकिन ताजा सैन्य गतिविधियों और तीखे बयानों ने एक बार फिर क्षेत्रीय शांति को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है. आने वाले दिनों में दोनों देशों के कदम वैश्विक राजनीति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर महत्वपूर्ण असर डाल सकते हैं. First Updated : Wednesday, 10 June 2026