होर्मुज के पास भारतीय जहाज MT जलवीर पर हमला, 3 दिन में तीसरी बार दहला समुद्र

ओमान की खाड़ी से गुजर रहे पलाऊ देश के ध्वज वाले जहाज एमटी सेटेबेलो पर अमेरिकी सेना द्वारा किए गए मिसाइल हमले में लापता हुए तीनों भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है.

calender

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया के समुद्री मार्ग इन दिनों जंग का अखाड़ा बन चुके हैं. ओमान के तट के पास शिनास बंदरगाह के करीब एक और कार्गो जहाज 'MT जलवीर' पर हमला होने की खबर है. 'मस्कट डेली' की रिपोर्ट के अनुसार, इस जहाज पर चालक दल के रूप में 20 भारतीय नाविक सवार हैं. घटना की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें जहाज के पिछले हिस्से से गहरा काला धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा है. यह पिछले तीन दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास किसी व्यापारिक जहाज पर हुआ तीसरा बड़ा हमला है. ओमान में स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं और सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं.

आखिर क्यों जहाजों को निशाना बना रहा है अमेरिका?

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अमेरिकी नौसेना ने पूरे इलाके में आक्रामक रुख अख्तियार कर रखा है. अमेरिकी सेना का तर्क है कि ये जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहे हैं और वहां से प्रतिबंधित तेल ले जा रहे हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर होर्मुज जलडमरूमध्य में सख्त नाकेबंदी लागू की गई है. अमेरिका उन सभी जहाजों को निशाना बना रहा है जिन पर ईरान के साथ कारोबार करने या ईरानी तेल की तस्करी करने का संदेह है.

खतरे में भारतीय नाविकों की जान 

इस सैन्य कार्रवाई की वजह से अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में काम करने वाले हजारों भारतीय नाविकों की जान पर बन आई है. भारत सरकार ने इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है और समुद्री सुरक्षा को लेकर वैश्विक स्तर पर अपनी आवाज बुलंद की है. फिलहाल, MT जलवीर पर हुए ताजा हमले में नुकसान और घायलों का सटीक आंकड़ा जुटाया जा रहा है.

अमेरिकी हमलों में अब तक तीन भारतीयों की मौत

समुद्री व्यापारिक मार्गों पर यह संकट तब गहराया है जब बुधवार को ही पलाऊ के झंडे वाले जहाज 'MT सेटेबेलो' पर हुए अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की जान चली गई. इस जहाज पर कुल 24 भारतीय सवार थे, जिनमें से 21 को रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन तीन के शव बरामद किए गए हैं. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए नाविकों और मृतकों के पार्थिव शरीरों को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए. First Updated : Thursday, 11 June 2026