रूस से जंग के बीच यूक्रेन का हथियार सौदा… क्या यूरोपीय देश उठाएंगे खर्चा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को नाटो जैसी सुरक्षा गारंटी देने का भरोसा दिलाया, जिसके बदले यूक्रेन ने 150 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियार और ड्रोन खरीदने का प्रस्ताव रखा है.

Trump-Zelensky meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बैठक की. इस दौरान ट्रंप ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी का भरोसा दिलाया. रिपोर्ट्स के अनुसार, यूक्रेन ने सुरक्षा गारंटी के बदले अमेरिका से 100 अरब डॉलर (करीब ₹8.3 लाख करोड़) के हथियार और 50 अरब डॉलर (करीब ₹4.15 लाख करोड़) के ड्रोन खरीदने का प्रस्ताव रखा है. इन हथियारों और ड्रोन के लिए आर्थिक सहयोग यूरोपीय देश करेंगे.
बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका नाटो को हथियार बेचेगा और नाटो चाहे तो उन्हें यूक्रेन को दे सकता है. वहीं, यूक्रेन ने अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम समेत कई मिसाइल और डिफेंस डिवाइस की डिमांड रखी है. ये प्रस्ताव जेलेंस्की और ट्रंप की होने वाली व्हाइट हाउस मुलाकात से पहले यूरोपीय सहयोगियों के साथ साझा किया गया था.
यूक्रेन को आर्टिकल 5 जैसी सुरक्षा गारंटी
ट्रंप ने संकेत दिए कि यूक्रेन को नाटो के आर्टिकल 5 जैसी सुरक्षा गारंटी मिल सकती है. हालांकि, उसे औपचारिक रूप से नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा. नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी का आर्टिकल 5 कहता है कि यूरोप या उत्तरी अमेरिका में किसी भी नाटो सदस्य पर हमला सभी देशों पर हमला माना जाएगा. अगर ये समझौता आगे बढ़ता है, तो ये पुतिन के रुख में बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि वो शुरू से ही यूक्रेन को ऐसी सुरक्षा गारंटी दिए जाने के खिलाफ रहे हैं.
पुतिन-जेलेंस्की 2 हफ्ते में आमने-सामने
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने जानकारी दी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अगले 15 दिनों में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे. उन्होंने बताया कि पुतिन ने ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान इस मुलाकात पर सहमति जताई. हालांकि बैठक की जगह अभी तय नहीं है. यूरोपीय नेताओं का मानना है कि किसी भी वार्ता से पहले सीजफायर होना जरूरी है, लेकिन ट्रंप ने इसे अस्थायी समाधान बताया.
'जंग का फैसला दो हफ्तों में'- ट्रंप
बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि रूस-यूक्रेन की जंग जारी रहेगी या शांति आएगी, इसका फैसला दो हफ्तों में हो जाएगा. मैंने राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की है और जल्द ही पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात होगी. इसके बाद एक त्रिपक्षीय बैठक भी होगी, जिसमें दोनों राष्ट्रपति और मैं शामिल रहूंगा. ट्रंप ने स्पष्ट किया कि जंग कब खत्म होगी और रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों पर किसका अधिकार होगा, इस पर आमने-सामने की बातचीत में ही अंतिम फैसला लिया जाएगा.


